Thursday , August 27 2026 5:23 PM
Home / Uncategorized / ईरान ने असीम मुनीर को बेइज्जत कर भेजा? दौरा बीच में रद्द कर लौटे, पाकिस्तानी आर्मी चीफ की फजीहत

ईरान ने असीम मुनीर को बेइज्जत कर भेजा? दौरा बीच में रद्द कर लौटे, पाकिस्तानी आर्मी चीफ की फजीहत


पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर को अपने ईरान दौरे से बीच में ही लौटना पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक तेहरान ने असीम मुनीर को टका सा जवाब देकर खाली हाथ वापस लौटा दिया है। असीम मुनीर की तेहरान और वॉशिंगटन के बीच मतभेद कम करने की कोशिशें कामयाब नहीं हो सकीं और ईरानी नेताओं ने टकराव खत्म करने के लिए अपनी शर्तों में ढील देने से इनकार कर दिया। असीम मुनीर डोनाल्ड ट्रंप का सदेशवाहक बनकर तेहरान गये थे।
न्यूज 18 ने एक सीनियर इंटेलिजेंस सूत्र के हवाले से बताया है कि असीम मुनीर उच्च-स्तरीय बातचीत के लिए तेहरान गए थे लेकिन ईरान में सिर्फ एक दिन बिताने के बाद ही लौट आए जबकि वो दो दिनों के लिए ईरान गये थे। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने अपनी यात्रा के दौरान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से मिलने की कोशिश की थी लेकिन ईरान इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
असीम मुनीर का ईरान दौरा कैसे हुआ नाकाम? – यह यात्रा तब हुई जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थता की पाकिस्तान की कोशिशें नाकाम हो चुकी हैं। मुनीर की ईरान यात्रा को उन कोशिशों के नाकाम होने के बाद अपनी साख बचाने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि मुनीर अपने साथ ‘खास और गोपनीय’ प्रस्ताव लेकर गए थे जिनका मकसद तनाव कम करने का कोई रास्ता खोजना था। लेकिन ईरान के नेताओं ने प्रस्तावों को सिरे से ठुकरा दिया और कहा कि कोई भी समझौता इस बात पर निर्भर करेगा कि वॉशिंगटन पहले तेहरान की मांगों को पूरा करे।
इसके अलावा ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर भी असीम मुनीर से साफ शब्दों में कहा है कि वो अपने पुराने रूख पर कायम है और होर्मुज का खुलना अमेरिका से जुड़ी शर्तों पर निर्भर करता है। इसलिए पाकिस्तान की समझौता कराने की कोशिशों के बावजूद इन बातचीत से तेहरान के रुख में कोई खास बदलाव नहीं आया।
तेहरान टाइम्स की कवर स्टोरी से संदेश – असीम मुनीर ने अपनी यात्रा के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बातचीत की। लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता के साथ बैठक न हो पाना एक अहम बात है क्योंकि ईरान में रणनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण फैसले आखिरकार देश के सर्वोच्च नेतृत्व द्वारा ही लिए जाते हैं।
इसके अलावा भी तेहरान टाइम्स के फ्रंट पेज पर छपी एक रिपोर्ट से भी असीम मुनीर के दौरे को अलग तरह से पेश किया गया था। बुधवार को तेहरान टाइम्स के फ्रंट पेज पर मुनीर और पेजेश्कियान की मुलाकात की एक तस्वीर प्रमुखता से छापी गई थी जिसके साथ हेडलाइन थी ‘गैंबलर का दांव ईरान के सामने आया’। इसके साथ दी गई सब-हेडलाइन में कहा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ आर्थिक युद्ध चला रहे हैं जबकि मुनीर को इस टकराव से ‘इज्जत बचाते हुए बाहर निकलने का रास्ता’ खोजने के लिए भेज रहे हैं।