
तालिबान के सर्वोच्च नेता ने भाई-भतीजावाद के खिलाफ एक फरमान जारी कर अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन में अधिकारियों को सरकारी पदों पर अपने रिश्तेदारों की भर्ती करने से रोक दिया है। तालिबान नेता मुल्ला हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने सभी तालिबानी अधिकारियों को उनके प्रशासन में पहले से ही काम कर रहे अपने बेटों तथा अन्य रिश्तेदारों को बर्खास्त करने का भी आदेश दिया है। यह फरमान तालिबान सरकार के टि्वटर अकाउंट पर शनिवार देर रात को पोस्ट किया गया।
फरमान में कहा गया है, ‘‘मंत्रालयों, विभागों में सभी अधिकारियों और स्वतंत्र प्राधिकारियों को आदेश दिया जाता है कि किसी को भी सरकारी पदों पर परिवार के सदस्यों या रिश्तेदारों को नियुक्त करने की अनुमति नहीं है।” इस ट्वीट में फैसले के पीछे की वजह का उल्लेख नहीं है, लेकिन अफवाहें हैं कि कई तालिबान अधिकारियों ने उच्च पदों पर अनुभवी पेशेवरों को नियुक्त करने के बजाय अपने बेटों तथा रिश्तेदारों की भर्ती कर दी है।
इस फैसले पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को तालिबान सरकार के प्रवक्ता की टिप्पणी नहीं मिल पायी। तालिबान ने 20 साल बाद अमेरिकी और नाटो बलों की वापसी के बाद अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में सत्ता पर कब्जा किया था। अखुंदजादा के फरमान में सभी तालिबान अधिकारियों को रिक्त पदों पर अपने बेटों, परिवार के सदस्यों या रिश्तेदारों के बजाय अन्य लोगों की भर्ती करने का भी आदेश दिया गया है।
Home / Uncategorized / तालिबान का भाई-भतीजावाद खिलाफ फरमान जारी, सरकारी पदों पर रिश्तेदारों की भर्ती पर लगाई रोक
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website