Friday , July 10 2026 2:15 PM
Home / Uncategorized / दुनिया की 7 सबसे शक्तिशाली पनडुब्बियां, इनमें भारत के पास एक भी नहीं, चीन का हाल जानें

दुनिया की 7 सबसे शक्तिशाली पनडुब्बियां, इनमें भारत के पास एक भी नहीं, चीन का हाल जानें


पनडुब्बियों को समुद्र का राजा माना जाता है। ये पानी के अंदर गहराई में छिपकर न सिर्फ दुश्मन पर नजर रख सकती हैं, बल्कि मौका मिलने पर हमला करने में भी माहिर हैं। पनडुब्बियां कई तरह के हथियारों से लैस होती हैं, जिनमें मिसाइलें और टॉरपीडो अहम हैं। यही कारण है कि दुनिया का हर देश एक से बढ़कर एक पनडुब्बियों को अपनी नौसेना में शामिल कर रहे हैं। ऐसे में जानें कि दुनिया की 7 सबसे शक्तिशाली पनडुब्बियां कौन सी हैं और उनमें से कितनी भारत और चीन के पास हैं।
1- वर्जीनिया-क्लास ब्लॉक V (अमेरिका) – वर्जीनिया-क्लास ब्लॉक V दुनिया की सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। इसका संचालन अमेरिकी नौसेना करती है। वर्जीनिया-क्लास ब्लॉक V में बेहतरीन स्टील्थ और एडवांस्ड सोनार सिस्टम लगा है, जो इसे मिशन के अनुसार खुद को ढाल लेने का लचीलापन देता है। इस पनडुब्बी में ‘वर्जीनिया पेलोड मॉड्यूल’ लगाया गया है, जिससे इसकी क्रूज मिसाइल ले जाने की क्षमता बहुत बढ़ गई है। इसके साथ ही वर्जीनिया-क्लास ब्लॉक V पनडुब्बियों की इंटेलिजेंस इकट्ठा करने और स्पेशल ऑपरेशन की क्षमताएं भी बढ़ी हैं।
2- यासेन-M क्लास (रूस) – रूस की यासेन-M क्लास दुनिया की दूसरी सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। यह अब तक बनी सबसे ज्यादा हथियारों से लैस अटैक पनडुब्बियों में से एक है। मल्टीरोल प्लेटफॉर्म के तौर पर डिजाइन की गई यह पनडुब्बी वर्टिकल लॉन्च ट्यूब से कैलिबर क्रूज मिसाइलें, ओनिक्स एंटी-शिप मिसाइलें और ज़िरकॉन हाइपरसोनिक हथियार लॉन्च कर सकती है। इस क्लास की पनडुब्बियों में लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता के साथ-साथ एडवांस्ड सेंसर और पहले की रूसी पनडुब्बियों की तुलना में बेहतर स्टील्थ क्षमता है।
3- सफ्रेन-क्लास (फ्रांस) – फ्रांस की सफ्रेन-क्लास दुनिया का तीसरी सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। इसे बाराकुडा क्लास के नाम से भी जाना जाता है। सफ्रेन क्लास पनडुब्बी को इंटेलिजेंस इकट्ठा करने, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर, जमीन पर हमले और स्पेशल फोर्स मिशन के लिए डिजाइन किया गया है। इस पनडुब्बी में एक छोटा न्यूक्लियर रिएक्टर और एडवांस्ड एकोस्टिक स्टील्थ तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह क्लास क्रूज़ मिसाइलें, भारी टॉरपीडो और नेवल कमांडो तैनात कर सकती है, जबकि इसका पता लगाना बहुत मुश्किल होता है।
4- एस्ट्यूट-क्लास (यूनाइटेड किंगडम) – यूनाइटेड किंगडम की एस्ट्यूट-क्लास दुनिया की चौथी सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। यह अपनी शांत चाल और दमदार सोनार सिस्टम के लिए जानी जाती है। कहा जाता है कि अच्छे हालात में यह सैकड़ों मील दूर मौजूद जहाजों का पता लगा सकती है। एस्ट्यूट क्लास पनडुब्बी टॉमाहॉक क्रूज मिसाइलों और स्पीयरफिश हैवीवेट टॉरपीडो से लैस है। इसका रिएक्टर इस तरह बनाया गया है कि यह पनडुब्बी की पूरी सर्विस लाइफ के दौरान बिना रीफ्यूलिंग के काम कर सकती है।
5- बोरेई-A क्लास (रूस) – रूस की बोरेई-A क्लास दुनिया की पांचवीं सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। यह पनडुब्बी रूस के लिए एक स्ट्रैटेजिक न्यूक्लियर डेटरेंट (परमाणु प्रतिरोधक) के तौर पर काम करती है। बोरेई क्लास पनडुब्बी बुलावा सबमरीन-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस है, जो दुनिया में किसी भी लक्ष्य पर हमला कर सकती है। इस पनडुब्बी का प्रोपल्शन बेहद शांत है, जिससे इसे डिटेक्ट करना मुश्किल काम होता है।
6- टाइगेई-क्लास (जापान) – जापान की टाइगेई-क्लास दुनिया की छठी सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। यह जापान की अब तक बनी सबसे एडवांस्ड पारंपरिक (कन्वेंशनल) पावर वाली पनडुब्बियों में से एक है। इसमें अगली पीढ़ी की लिथियम-आयन बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पारंपरिक डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों की तुलना में यह पानी के नीचे ज्यादा देर तक रह सकती है और बेहतर परफॉर्मेंस देती है। इस क्लास में एडवांस्ड सेंसर, कम आवाज (लो एकोस्टिक सिग्नेचर) और शक्तिशाली टॉरपीडो हथियार लगे हैं।
7- टाइप 095 क्लास (चीन) – चीन की टाइप 095 क्लास दुनिया की सातवीं सबसे शक्तिशाली पनडुब्बी है। इस पनडुब्बी की विशेषताओं को काफी हद तक गुप्त रखा गया है। एनालिस्ट का मानना है कि इसमें पिछले चीनी डिजाइनों की तुलना में स्टील्थ क्षमता, सेंसर और मिसाइल क्षमता में काफी सुधार किया गया है। सैटेलाइट इमेज और डिफेंस असेसमेंट से पता चलता है कि इस क्लास को प्रमुख पश्चिमी और रूसी पनडुब्बियों का सीधे तौर पर मुकाबला करने के लिए बनाया गया है।