Saturday , May 30 2026 3:24 AM
Home / Uncategorized / बुशेहर में मार गिराया गया अमेरिकी विमान, ईरान के सरकारी टीवी का दावा, अमेरिका ने किया खारिज

बुशेहर में मार गिराया गया अमेरिकी विमान, ईरान के सरकारी टीवी का दावा, अमेरिका ने किया खारिज


ईरान के सरकारी टीवी ने दावा किया है कि शुक्रवार तड़के एक अमेरिकी विमान को मार गिराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि बुशहर प्रांत के जम इलाके में दुश्मन के एक विमान को रोका गया और उसे नीचे गिरा दिया गया। सरकारी टीवी ने जम काउंटी के गवर्नर मसूद तंगस्तानी के हवाले से बताया कि ईरानी हवाई रक्षा प्रणालियों ने विमान को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।
अमेरिका ने खारिज किया दावा – इस बीच अमेरिका ने ईरानी मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया है, जिसमें अमेरिकी विमान को गिराने की बात कही गई है। अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी है। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि ईरान के सरकारी टीवी के दावों के बावजूद बुशेहर प्रांत के पास कोई भी अमेरिकी विमान नहीं गिराया गया।
ईरानी गवर्नर ने क्या कहा? – ईरान की अर्ध सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने तंगेस्तानी के हवाले से बताया कि “आज रात की घटना में एक दुश्मन विमान को मार गिराया गया।” गवर्नर ने यह भी कहा कि शहर में हालात सामान्य हो गए हैं। ये घटना ऐसे समय में सामने आई है जब इस बात के संकेत मिले हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खत्म करने के लिए एक डील पर सहमति बन गई है।
रिपोर्टों में कहा गया है कि प्रस्तावित डील लगभग तय है लेकिन इसे अभी तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मंजूरी नहीं मिली है। वहीं, ईरानी मीडिया का कहना है कि अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।
ईरान पर अमेरिकी हमले – इसके पहले अमेरिका ने गुरुवार सुबह तड़के ईरान पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के पास मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया गया था। अमेरिका ने कहा कि उसने ईरान की तरफ से ड्रोन हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की। ईरान ने इन हमलों की पुष्टि की थी। बाद में IRGC ने दावा किया कि उसने एक अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया है। उसी दौरान कुवैत की सेना ने बताया था कि उसके ऊपर मिसाइल और ड्रोन हमला हुआ है, जिसका जवाब दिया जा रहा है।