
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने वीजा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है, जिसका सीधा असर भारतीय स्टूडेंट-वर्कर्स पर पड़ने वाला है। अगर आप अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे, तो फिर आपकी उम्मीदों को झटका लग सकता है। ट्रंप सरकार ने दुनियाभर में अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में इमिग्रेंट वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक लगा दी है या उनका समय बदल दिया है।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने वीजा अपॉइंटमेंट बुकिंग पर रोक इसलिए लगाई है, ताकि कॉन्सुलर अधिकारियों को इन-डेप्थ ट्रेनिंग दिया जा सके। ये ट्रेनिंग ऐसे आवेदकों की पहचान करने पर केंद्रित होगी, जो अमेरिकी सार्वजनिक लाभों पर निर्भर हो सकते हैं। आसान भाषा में कहें तो कॉन्सुलर अधिकारियों को ऐसी ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे उन लोगों की पहचान कर सकें, जो अमेरिका में आने के बाद सीधे उसके सरकारी लाभ पर निर्भर हो सकते हैं।
पहले से बुकिंग वाले आवेदकों का क्या होगा? – अब यहां सवाल उठता है कि जिन लोगों ने पहले से ही अपॉइंटमेंट बुकिंग की हुई थी, अब उनका क्या होगा? दरअसल, जिन लोगों के वीजा इंटरव्यू पहले से ही तय थे, उन्हें ईमेल से बताया गया कि उनके अपॉइंटमेंट रद्द या रीशेड्यूल कर दिए गए हैं। उन्हें बताया गया कि अमेरिकी सरकार बाद में नई तारीखें देगी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह नहीं बताया है कि वीजा अपॉइंटमेंट कब फिर से शुरू होंगे।
सरकार ने क्या कहा है? – विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘एक ज्यादा समृद्ध अमेरिका का मतलब है ये पक्का करना कि वीजा के लिए आवेदन करने वाले लोग अमेरिकी कानूनों और नियमों के तहत ‘पब्लिक चार्ज’ (सरकारी मदद पर निर्भर) न बनें और न ही वे जरूरतमंद योग्य अमेरिकियों के लिए बनी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर हों।’
प्रवक्ता ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने इस महीने एक ग्लोबल ट्रेनिंग पहल शुरू की है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि सभी कॉन्सुलर अधिकारी हर वीजा आवेदक का पूरी तरह से और एक जैसे तरीके से मूल्यांकन करने के लिए पूरी तरह तैयार हों। प्रवक्ता ने आगे कहा, इस गहन ट्रेनिंग के लिए वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जाएगा।
भारतीय स्टूडेंट-वर्कर के लिए क्या दिक्कतें हैं? – फॉल इनटेक के लिए क्लास शुरू होने वाली हैं। ऐसे में जो स्टूडेंट अभी क्लास अटेंड करने जाने वाले थे और उन्हें वीजा नहीं मिला था। अब उनके लिए दिक्कतें बढ़ गई हैं।
स्टूडेंट्स को ये भी नहीं बताया गया है कि वीजा अपॉइंटमेंट की शुरुआत कब से होगी। इस वजह से अब उनका भविष्य भी अधर में लटक गया है।
अमेरिका में जॉब के लिए जा रहे भारतीय वर्कर्स को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि वीजा नहीं मिलने की वजह से वे समय पर ऑफिस ज्वाइन नहीं कर पाएंगे।
भारतीय वर्कर्स को अब कंपनियों से संपर्क करके वीजा की दिक्कत के बारे में बताना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें भारत से ही काम करने की इजाजत मिल पाए।
वीजा आवेदकों की दिक्कतें बढ़ीं – वॉशिंगटन में इमिग्रेशन लॉ फर्म ‘फ्रैगोमेन’ के वकील ब्रायन सिमंस ने फाइनेंशियल टाइम्स को बताया कि कई आवेदकों ने तय इंटरव्यू में शामिल होने के लिए पहले ही हजारों डॉलर खर्च कर दिए थे। ये नई रुकावट इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले साल ट्रंप सरकार की शुरू की गई पॉलिसी के तहत, इमिग्रेंट वीजा आवेदकों को अपनी नागरिकता वाले देश में ही प्रोसेसिंग पूरी करनी होती है।
ये नियम उन लोगों पर भी लागू होता है जो कानूनी तौर पर अमेरिका में रहते और काम करते हैं, जिनमें अमेरिकी नागरिकों से शादी करने वाले या अमेरिकी मूल के बच्चे वाले लोग भी शामिल हैं। इस पॉलिसी की वजह से आवेदकों को इंटरव्यू के लिए अमेरिका से बाहर जाना पड़ता है। अपॉइंटमेंट टलने से कुछ आवेदक विदेश में ही फंस सकते हैं और उनकी इमिग्रेशन प्रक्रिया में और देरी हो सकती है।
Home / Uncategorized / अमेरिका ने वीजा अपॉइंटमेंट बुकिंग पर लगाई रोक, भारतीय स्टूडेंट-वर्कर्स के लिए बड़ी खबर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website