
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में टीएमसी के छेड़छाड़ के आरोपों को चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया है। बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने साफ किया कि स्ट्रॉन्ग रूम में कोई भी सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि इन स्ट्रॉन्ग रूम की लाइव फुटेज सभी पार्टियों को उपलब्ध कराई गई थी। इस मामले पर जानकारी देते हुए मनोज कुमार ने बताया कि सभी आठ स्ट्रॉन्ग रूम में से सात में ईवीएम रखी थीं। एक स्ट्रॉन्ग रूम में पोस्टल बैलेट थे। इन सभी के लाइव फुटेज लगातार दिखाई जा रही थी। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरे के बाहर से इसे देखने की अनुमति थी।
अग्रवाल ने बताया कि अधिकारियों ने नियमों के मुताबिक ही पोस्टल बैलेट वाले स्ट्रॉन्ग रूम को खोला था। इसकी जानकारी रिटर्निंग ऑफिसर ने पहले ही सभी उम्मीदवारों और पार्टियों को दे दी थी। उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार, सभी राजनीतिक पार्टियों को और सभी उम्मीदवारों को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सूचित किया गया था। उन्हें वहां आना चाहिए था। शाम 4 बजे के बाद 3 उम्मीदवार वहां आए और उन्होंने सब कुछ देखा कि EVM वाले स्ट्रॉन्ग रूम सील थे जबकि पोस्टल बैलेट वाला स्ट्रॉन्ग रूम खुला हुआ था। इसके बाद वे तीनों वहां से चले गए।
प्रेस ब्रीफिंग में क्या बोले पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी
कानून-व्यवस्था की कोई स्थिति खराब नहीं होगी।
वोटों की गिनती पूरी तरह से साफ-सुथरे और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।
वोटों की गिनती के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाएगा।
टीएमसी ने लगाए आरोप – बता दें कि TMC नेताओं ने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों की मौजूदगी में बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश की। टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरना भी दिया। इसके अलावा, टीएमसी ने एक सीसीटीवी फुटेज भी साझा किया। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया गया कि यह बंगाल की राजधानी में स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर का है। टीएमसी ने दावा किया कि इस फुटेज से यह खुलासा होता है कि कैसे बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके बैलेट बॉक्स खोल दिए।
Home / Uncategorized / पश्चिम बंगाल: चुनाव आयोग ने टीएमसी के दावों को किया खारिज, स्ट्रॉन्ग रूम में नहीं किया गया कोई भी CCTV बंद
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website