Thursday , May 7 2026 12:21 AM
Home / Uncategorized / सायोनी घोष ने जिस राघव चड्ढा को बोला था ‘चड्ढी’, उन्होंने बीजेपी की जीत, टीएमसी की हार पर क्या बोला?

सायोनी घोष ने जिस राघव चड्ढा को बोला था ‘चड्ढी’, उन्होंने बीजेपी की जीत, टीएमसी की हार पर क्या बोला?


पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटों पर जीत के साथ बीजेपी राज्य में पहली बार सरकार बनाने जा रही है। लेकिन बंगाल चुनाव अभियान के दौरान सियासी दलों के बीच छींटाकशी का दौर चलता रहा। आम आदमी पार्टी (AAP) का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले राघव चड्ढा को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सायोनी घोष का बयान काफी चर्चा में रहा। घोष ने राघव चड्ढा को “चड्ढा-चड्ढी” बोल दिया था जिसे लेकर टीएमसी सांसद को बीजेपी ने निशाना बनाया।
सायोनी घोष की पार्टी, क्या बोले राघव चड्ढा? – राघव चड्ढा ने सायोनी घोष की टिप्पणी पर तब तो कुछ नहीं कहा था, लेकिन बंगाल चुनाव नतीजों को उन्होंने बेमिसाल बताया है। राघव चड्ढा ने X पर लिखा, “शानदार चुनावी नतीजों के लिए पूरे बीजेपी परिवार को बधाई! पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक और निर्णायक जीत सचमुच बेमिसाल है। असम और पुडुचेरी के नतीजे भी विकास और सुशासन में लोगों के अटूट विश्वास को दर्शाते हैं।”
मोदी-शाह की रणनीतिक सोच की तारीफ – राघव चड्ढा ने कहा, “यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक सोच और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के समर्पित प्रयासों का प्रमाण है। यह जीत हर उस नागरिक की जीत है, जो एक मजबूत और ज्यादा विकसित भारत का सपना देखता है।”
सायोनी घोष ने राघव चड्ढा पर क्यों साधा था निशाना – राघव चड्ढा ने उस दौरान आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी जॉइन किया था, जब बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान चल रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान सायोनी घोष ने राघव चड्ढा पर निशाना साधा था। एक पत्रकार ने पूछा कि कई लोग आपके बारे में कहते हैं कि आपके पास स्पार्क है, एनर्जी है, वैसे ही ठीक जैसे कुछ साल पहले राघव चड्डा के पास था? पत्रकार के इस सवाल के जवाब में सायोनी घोष ने कहा था, “मेरे नाम में चड्डा नहीं है। चड्डा चड्डी बन सकता है, लेकिन घोष हमेशा घोष रहेगा।”