दुबई
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुनिया की सबसे उंची इमारत बुर्ज खलीफा का बुधवार को अपना ही अंदाज रहा। भारत के साथ दुबई के सांस्कृतिक एवं व्यापारिक रिश्तों का जलवा बिखेरती हुई तिरंगे के रंगों – केसरिया, सफेद और हरे – रंग वाली रोशनी से यह इमारत जगमगाई गई। बुर्ज खलीफा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने अपने ट्वीट में कहा, ‘बुर्ज खलीफा भारत गणराज्य को शुभ राष्ट्रीय दिवस की कामना करता है।’
बुर्ज खलीफा ने पहले ही इसकी घोषणा कर दी थी और अंग्रेजी और अरबी भाषा में अपने ट्वीट में बताया था, ‘आज रात हम बुर्ज खलीफा पर भारत के राष्ट्रीय ध्वज के शानदार एलईडी प्रकाश से भारत का 68वां गणतंत्र दिवस मनाएंगे।’ तिरंगे के रंगों की रोशनी की यह महफिल आज तीन बार जमी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर इसके साथ ही दुबई फाउंटेन शो होगा।
दुबई में स्थित बुर्ज खलीफा 823 मीटर ऊंची है और इसका नामकरण अबु धाबी के शासक एवं संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति खलीफा बिन जायद अल नाहयान के नाम पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि अबु धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website