Wednesday , June 3 2026 2:30 PM
Home / News / India / पीएम मोदी घबराए हुए हैं, इसलिए सदन नहीं आ रहे; LPG गैस सिलेंडर की कमी पर राहुल गांधी ने साधा निशाना

पीएम मोदी घबराए हुए हैं, इसलिए सदन नहीं आ रहे; LPG गैस सिलेंडर की कमी पर राहुल गांधी ने साधा निशाना


कुकिंग गैस संकट को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बोल रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं लेकिन वह खुद बहुत घबराए हुए हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद अलग-अलग वजहों से घबराए हुए हैं। इसलिए वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए सदन नहीं आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री खुद घबराए हुए हैंः राहुल गांधी – सदन परिसर में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री खुद बिल्कुल अलग वजहों से घबराए हुए हैं। वह अडानी केस, एपस्टीन की वजह से घबराए हुए हैं। वह सदन के अंदर नहीं आ पा रहे हैं। वह देश से कह रहे हैं कि घबराएं नहीं, जबकि वह खुद घबराए हुए हैं।”
पीएम ने गैस संकट पर नहीं घबराने की अपील की थी – बता दें कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण रसोई गैस की किल्लत के बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को लोगों से नहीं घबराने की अपील की और जनहित की रक्षा का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने एलपीजी संकट से निपटने का भरोसा जताया, जहां कमर्शियल एलपीजी की कमी ने देश के होटल क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने परोक्ष रूप से एलपीजी संकट का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि हम केवल सही और सत्यापित जानकारी ही फैलाएं।’
मोदी ने लोगों पर जताया था पूरा भरोसा – पीएम ने कहा था कि इस संघर्ष ने पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति शृंखला को प्रभावित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कोविड महामारी के दौरान, 140 करोड़ भारतीयों ने दुनिया को दिखाया कि हमारा राष्ट्र कितना परिपक्व है। मुझे विश्वास है कि एक राष्ट्र के रूप में, हम हर परिस्थिति का सफलतापूर्वक सामना करेंगे।’