Tuesday , March 31 2026 11:07 AM
Home / News / ईरान युद्ध के बीच ट्रंप ने कर दिया नई लड़ाई का ऐलान, बोले- क्यूबा का है अगल नंबर, हम वहां जाएंगे

ईरान युद्ध के बीच ट्रंप ने कर दिया नई लड़ाई का ऐलान, बोले- क्यूबा का है अगल नंबर, हम वहां जाएंगे


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध के बीच ही एक नई लड़ाई में कूदने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की ओर से क्यूबा पर जल्दी ही हमला किया जा सकता है। डोनाल्ड ट्रंप क्यूबा पर लगातार हमलावर रहे हैं। वह क्यूबा के लिए उसी तरह की बातें कर रहे हैं, जो वह वेनेजुएला और ईरान के लिए कहते रहे हैं। वेनेजुएला पर इस साल की शुरुआत में और ईरान में 28 फरवरी को अमेरिका का हमला हो चुका है। इसके बाद क्यूबा को ट्रंप ने अमेरिका का अगला टारगेट कहा है।
फोक्स न्यूज ने रविवार को डोनाल्ड ट्रंप से सवाल किया कि आपने कहा है कि अगला नंबर क्यूबा का होगा, आपके इस बयान का क्या मतलब निकाला जाएगा। इस पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ये सही बात है कि क्यूबा का नंबर आएगा। क्यूबा में बहुत गड़बड़ है, वह फेल होता देश है और अगला नंबर उनका है। क्यूबा की सरकार फेल होने वाली है और हम मदद के लिए वहां होंगे। हम अपने अच्छे क्यूबन-अमेरिकन्स की मदद के लिए जाएंगे।’
मैं यह कह रहा हूं कि अगला नंबर क्यूबा का होगा। क्यूबा में बहुत ज्यादा गड़बड़ हो रही है।थोड़े ही समय में यह देश फेल होने जा रहा है। इसके बाद हमारी सेना अपने अच्छे क्यूबन-अमेरिकन्स की मदद के लिए वहां मौजूद होगी।
ट्रंप के निशाने पर क्यूबा – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले शुक्रवार को मियामी के फेना फोरम में बोलते हुए क्यूबा पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दी थी। वेनेजुएला और ईरान के बाद क्यूबा को निशाना बनाने वाले ट्रंप के बयान से वैश्विक राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अमेरिका में इस पर चिंता देखी जा रही है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ ‘नो किंग्स’ प्रोटेस्ट हुए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने क्यूबा पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार क्यूबा सरकार को एक भ्रष्ट कम्युनिस्ट शासन कहते हुए निशाना साधा है। ट्रंप का कहना है कि क्यूबा अगर समझौता नहीं करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से दोनों देशों के बीच हालिया समय में तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया है।
ट्रंप की कई देशों को धमकी – डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हालिया महीनों में दुनिया के कई देशों को धमकियां दी गई हैं। इनमें यूरोप और अमेरिका के सहयोगी माने जाने वाले कई देश भी शामलि है। अमेरिका ने इस साल की शुरुआत में वेनेजुएला पर हमला करते हुए उस वक्त के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को उठा लिया था।
अमेरिका ने 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ लड़ाई छेड़ रखी है। ट्रंप ने कनाडा को कई दफा अमेरिका का राज्य कहकर संबोधित किया है। डेनमार्क और यूरोप से ग्रीनलैंड के मुद्दे पर उनकी ठनी है। वह ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण चाहते हैं। अफगानिस्तान के बगराम बेस में भी ट्रंप दिलचस्पी जता चुके हैं।