Wednesday , April 1 2026 10:03 AM
Home / News / ईरान के परमाणु शहर इस्फहान में 2000 पाउंड के बंकर बस्टर बमों से हमला, आसमान में उठे आग के विशाल गोले, वीडियो

ईरान के परमाणु शहर इस्फहान में 2000 पाउंड के बंकर बस्टर बमों से हमला, आसमान में उठे आग के विशाल गोले, वीडियो


अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले के बाद ईरान के इस्फहान शहर में जबर्दस्त धमाके हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें कई धमाके होते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद रात का आसमान नारंगी रंग की तेज रोशनी से जगमगा उठा। हालांकि, ट्रंप ने वीडियो के बारे में जानकारी नहीं दी है लेकिन इसे ईरान के इस्फहान शहर का बताया जा रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि अमेरिका और इजरायल की सेना ने एक परमाणु केंद्र को निशाना बनाकर संयुक्त हमले किए हैं।
अमेरिकी अधिकरियों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि गोला-बारूद के डिपो को निशाना बनाने के लिए कई बंकर बस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि डिपो पर 2000 पाउंड यानी लगभग 900 किलोग्रम के बंकर बस्टर बमों से हमला किया गया।
इलाके में महसूस किए गए जोरदार झटके – रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस हमले के बाद कई जोरदार धमाके हुए, जिससे आग के गोले आसमान की तरफ उठे। धमाकों से पूरे इलाके में जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। इस हमले ने तनाव बढ़ने की आशंकाओं को और बढ़ा दिया है, जबकि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का युद्ध दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है।
इस्फहान 23 लाख की आबादी वाला शहर है। यहां पर ईरान का प्रमुख बद्र सैन्य अड्डा स्थित है।
इस्फहान शहर हाल के समय में अपनी परमाणु सुविधा के लिए चर्चा में रहा है। यहां ईरान की प्रमुख अंडरग्राउंड न्यूक्लियर फैसिलिटी है।
इजरायल और अमेरिका ने पिछले साल जून में इस्फहान की परमाणु सुविधा पर हमला किया था।
इस फरवरी के आखिर में शुरू हुए हमले के बाद भी कई बार इस शहर को निशाना बनाया गया है।
ऐसी रिपोर्ट आई हैं कि ईरान के अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम का एक हिस्सा शहर में स्थित भूमिगत सुविधाओं में ट्रांसफर कर दिया है।
बंकर बस्टर बम क्या हैं? – बंकर बस्टर बम बेहद ही शक्तिशाली और खास तरह के हथियार होते हैं।
इनका इस्तेमाल आम तौर पर जमीन के नीचे बनी सैन्य इमारतों, मजबूत बंकरों और अंडरग्राउंड परमाणु ठिकानों के खिलाफ किया जाता है।
ये बम फटने से पहले मजबूत ठिकानों को भेदने के लिए डिजाइन किए जाते हैं।
इस श्रेणी के सबसे ताकतवर हथियारों में से एक मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर (MOP) बम है। 30000 पाउंड के इस बम को बोइंग कंपनी ने बनाया है।
यह अमेरिकी सेना का सबसे बड़ा गैर परमाणु हथियार है। इस बम को बी-2 बॉम्बर के जरिए गिराया जाता है, जो सुपरसोनिक रफ्तार से जमीन से टकराता है।
बंकर बस्टर बम जमीन के नीचे 200 फुट की गहराई तक जा सकते हैं। यह 60 फुट कंक्रीट को तोड़ सकते हैं।