Friday , April 10 2026 6:10 PM
Home / News / ‘जीसस बनाम मोहम्मद’, ईरान-अमेरिका लड़ाई को धार्मिक युद्ध बनाने पर घिरे पीट हेगसेथ, पोप ने लिया आड़े हाथ

‘जीसस बनाम मोहम्मद’, ईरान-अमेरिका लड़ाई को धार्मिक युद्ध बनाने पर घिरे पीट हेगसेथ, पोप ने लिया आड़े हाथ


ईरान-अमेरिका युद्ध को मुस्लिम-ईसाई लड़ाई की तरह पेश करने के लिए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को आलोचना का सामना करना पड़ा है। इवेंजेलिकल ईसाई पीट हेगसेथ ने ईरान के साथ युद्ध के बाद लगातार धार्मिक भाषा का इस्तेमाल किया है। इसमें अमेरिकियों से घुटने टेककर यीशु मसीह के नाम पर सैन्य जीत के लिए प्रार्थना का आह्वान शामिल है। इस तरह के बयानों के लिए उनकी आलोचना हो रही है। पोप की ओर से भी हेगसेथ के बयानों पर नाखुशी जाहिर की गई है।
पोप लियो XIV ने ईस्टर से पहले सेंट जॉन लेटरन बेसिलिका में बोलते हुए हेगसेथ का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। पोप ने कहा कि ईसाई मिशन को अक्सर वर्चस्व की चाहत से खराब कर दिया जाता है। यह सब यीशु के दिखाए रास्ते के बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातों से बचा जाना चाहिए।
पोप ने हेगसेथ पर साधा निशाना – पोप ने ईरान में लड़ाई खत्म करने और वॉशिंगटन-तेहरान के बीच बातचीत का आह्वान किया है। पोप ने कहा, ‘हम किसी पर हावी होते हैं तो खुद को शक्तिशाली समझने लगते हैं। ईश्वर ने हमें एक उदाहरण दिया है। उदाहरण यह नहीं है कि किसी पर शासन कैसे करें बल्कि यह है कि उसे आजाद कैसे करें। जीवन को नष्ट करना नहीं जीवनदान देना अहम है।
पोप लियो XIV का बयान इसलिए खास है क्योंकि वह एक अमेरिकी हैं। वह उत्तरी अमेरिका में जन्मे पहले पोप हैं। उन्होंने लगातार धर्म और युद्ध के आपसी जुड़ाव पर बात की है। मार्च के आखिर में पोप लियो ने अपने एक उपदेश में कहा था कि यीशु उन लोगों की प्रार्थनाओं पर ध्यान नहीं देते, जो युद्ध छेड़ते हैं बल्कि उन्हें अस्वीकार कर देते हैं।