
पाकिस्तान ने सूडान को हथियार और लड़ाकू विमानों की आपूर्ति वाला सौदा निलंबित कर दिया है। इससे पहले पाकिस्तान ने सूडान के साथ 1.5 अरब डॉलर का हथियार सौदा किया था। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने यह सौदा सऊदी अरब के आदेश के बाद निलंबित किया है। सऊदी अरब ने पाकिस्तान से इस समझौते को रद्द करने की अपील की थी। सऊदी ने कहा था कि वह इस सूडान की सेना को मिलने वाले इन हथियारों के लिए पैसे नहीं देगा। इसके बाद पाकिस्तान ने इस डील को सस्पेंड कर दिया है।
सूडान में आमने-सामने सऊदी अरब और यूएई – अफ्रीकी देश सूडान लंबे समय से गृहयुद्ध से जूझ रहा है। सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच लगभग तीन वर्षों से संघर्ष जारी है। इस संघर्ष ने दुनिया के सबसे भीषण मानवीय संकट को जन्म दिया है। ऐसे में सूडान अब कई देशों के बीच जंग का अखाड़ा बन गया है। इस देश में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) आमने-सामने हैं। यूएई को सूडान के अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स और उसके नेता मोहम्मद हमदान डागालो (हेमेती) का सबसे बड़ा समर्थक माना जाता है। वहीं, सऊदी अरब जनरल अब्देल फतह अल-बुरहान के नेतृत्व वाली सूडानी सशस्त्र सेना (SAF) का समर्थन करता है।
सऊदी अरब ने पैसों वाली बात छिपाई थी – जनवरी में ऐसी खबर आई थी कि पाकिस्तान और सूडान के बीच हथियार समझौता हुआ था, जिसमें सऊदी अरब ने मध्यस्थता की थी। हालांकि, उस समय सऊदी अरब की ओर से किसी भी तरह के वित्तपोषण का खुलासा नहीं किया गया था। यह पाकिस्तान के सबसे बड़े हथियार सौदे में से एक था। पाकिस्तान ने इसे अपने हथियारों की बढ़ती वैश्विक डिमांड के तौर पर प्रस्तुत किया था। हालांकि, उसने भी इस हथियार के लिए सऊदी अरब से पैसा मिलने की बात छिपाई थी।
सऊदी अरब ने संकेत दिया है कि पाकिस्तान को इस सौदे को रद्द कर देना चाहिए, क्योंकि उसने इसके लिए वित्तपोषण करने का विचार त्याग दिया है।
सऊदी अरब-पाकिस्तान में करीबी संबंध – सऊदी अरब, पाकिस्तान के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक है। उसने आर्थिक संकट से जूझ रही पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए अरबों डॉलर का कर्ज भी दिया हुआ है। सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौता भी है, जिसके तहत किसी भी एक देश पर होने वाले हमले को दोनों देशों पर हुआ हमला माना जाता है। हालांकि, सऊदी अरब पर ईरान के हमलों के जबाव में पाकिस्तान सिर्फ बयानबाजी ही करता रहा।
Home / News / India / पाकिस्तान के सूडान को हथियार बेचने वाले समझौते पर संकट, सऊदी अरब ने पैसे देने से किया इनकार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website