
भारत में आयोजित होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन पर संकट के बादल अब भी मंडरा रहे हैं। ऐसी आशंका है कि अमेरिका की बेरुखी के कारण इस साल भी क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन नहीं हो सकेगा। भारत ने इस कारण अभी तक क्वाड के तीन अन्य सदस्य देशों को न्योता नहीं भेजा है। पिछले साल भी यह क्वाड शिखर सम्मेलन नहीं हुआ था। क्वाड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक अनौपचारिक रणनीतिक मंच है, जिसका गठन 2007 में शिंजो आबे की पहल पर हुआ था। इसका मुख्य उद्देश्य स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बनाए रखना है। हालांकि, चीन इसे अपने खिलाफ बना सैन्य गठबंधन मानता है।
भारत ने क्वाड सम्मेलन के लिए नहीं भेजा न्योता – द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ या प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को कोई न्योता जारी नहीं किया है। भारत को 2025 में ही क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन करना था, हालांकि, ट्रंप प्रशासन की आक्रामक नीतियों और उससे पैदा हुए हालातों को देखते हुए इसका आयोजन नहीं किया गया। अब 2026 में भी क्वाड शिखर सम्मेलन के आयोजन की आशंका कम ही जताई जा रही है। इस कारण भारत के बाद क्वाड की अध्यक्षता करने वाले ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी पारी का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है।
क्वाड अब भी एक्टिव – क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन न होने का यह मतलब नहीं है कि यह समूह निष्क्रिय हो गया है। पिछले साल अमेरिका ने दो बार क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठकें आयोजित की थी। अगली बैठक मई के अंत में भारत में होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 26 मई के आसपास भारत का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, अमेरिका की तरफ से इस यात्रा को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। भारत ने भी क्वाड को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है। ऐसे में संभावना है कि अगर अमेरिका दिलचस्पी दिखाता है तो बैठक का आयोजन किया जा सकता है।
ट्रंप ने ही क्वाड को किया था एक्टिवेट – क्वाड 2008 में बनने के बाद निष्क्रिय हो गया था, जिसे वर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2027 में फिर से एक्टिव किया था। ट्रंप के कार्यकाल में, यह समूह विदेश मंत्रियों के स्तर पर सक्रिय रहा। ट्रंप के बाद राष्ट्रपति बने जो बाइडेन के कार्यकाल में 2021 में इस संगठन का स्तर बढ़ाकर राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन के स्तर तक पहुंचा दिया गया। राष्ट्राध्यक्षों के स्तर का पहला शिखर सम्मेलन वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था। बाइडन के कार्यकाल में क्वाड नेताओं के स्तर के छह शिखर सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें से चार प्रत्यक्ष और दो वर्चुअल शिखर सम्मेलन थे।
Home / News / India / Quad शिखर सम्मेलन पर इस साल भी संकट, कन्नी काट रहा अमेरिका, भारत ने भी नहीं भेजा न्योता
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website