Thursday , May 7 2026 1:17 AM
Home / News / भारत की कूटनीतिक धाक! जयशंकर ने जमैका में दिखाया दम, पीएम होल्नेस से इन अहम मुद्दों पर की चर्चा

भारत की कूटनीतिक धाक! जयशंकर ने जमैका में दिखाया दम, पीएम होल्नेस से इन अहम मुद्दों पर की चर्चा


विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जमैका की राजधानी किंग्सटन में प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं भी उन तक पहुंचाईं। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-जमैका संबंधों को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर राजनीतिक, आर्थिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
जयशंकर ने जमैका के प्रधानमंत्री की इस प्रतिबद्धता की सराहना की कि दोनों देशों के रिश्तों को और गहराई देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत और जमैका के बीच सहयोग के नए आयाम खुल रहे हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत और जमैका के बीच संबंध ‘निरंतरता और बदलाव’ से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि यह संबंध साझा इतिहास पर आधारित हैं जो वर्तमान सहयोग से मजबूत हो रहा है और भविष्य में अधिक संभावनाओं की ओर अग्रसर है।
‘जमैकन ग्लीनर’ अखबार में रविवार को प्रकाशित एक लेख में जयशंकर ने यह भी कहा कि दोनों देशों को ‘एक गहरी और अधिक लचीली साझेदारी बनाने के लिए मिलकर काम करना जारी रखना चाहिए जो दोनों देशों के लोगों के लिए काम करे और एक अधिक न्यायपूर्ण विश्व के निर्माण में योगदान दे’।
कैरेबियाई देश की पहली यात्रा पर जयशंकर – भारत और जमैका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयशंकर शनिवार को कैरेबियाई देश की अपनी पहली यात्रा पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय का जमैका के साथ 180 वर्षों से संबंध है। उन्होंने कहा, ‘भारतीय प्रवासी समुदाय का यही रिश्ता हमारे संबंधों को एक विशेष रंग प्रदान करता है’। उन्होंने बताया कि कई भारतीयों के लिए जमैका का नाम सुनते ही माइकल होल्डिंग और क्रिस गेल का क्रिकेट, बॉब मार्ले और जिमी क्लिफ का संगीत, उसेन बोल्ट और एलेन थॉम्पसन-हेराह का एथलेटिक्स तथा सांस्कृतिक हस्ती मिस लू के लेखन की याद आ जाती है।