Thursday , May 7 2026 11:55 PM
Home / News / इजरायल ने सीजफायर के बाद पहली बार किया बेरूत पर हमला, हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का चीफ मारा गया, भड़केगा ईरान

इजरायल ने सीजफायर के बाद पहली बार किया बेरूत पर हमला, हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का चीफ मारा गया, भड़केगा ईरान


इजरायल ने बुधवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में हवाई हमले किए, जिसमें हिजबुल्लाह की एलीट रदवान फोर्स के एक सीनियर कमांडर को निशाना बनाया गया। इजरायल के प्रधानमत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले की पुष्टि की है। पिछले महीने हुए युद्धविराम के बाद यह बेरूत पर इजरायल का पहला हमला है। यह ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिका और ईरान एक समझौते पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ समझौता बहुत मुमकिन है।
रदवान फोर्स का चीफ मारा गया – इजरायली अधिकारियों ने बताया कि हवाई हमले में हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का चीफ, उसका डेप्युटी और उनके साथ मौजूद कई लड़ाके मारे गए। हालांकि, हिजबुल्लाह की ओर से इस बारे में कोई पु्ष्टि नहीं की गई है। अमेरिकी की मध्यस्थता से इजरायल और लेबनान के बीच हुए युद्धविराम के बाद यह पहला हमला तनाव में एक बड़ी बढ़ोतरी का संकेत है।
ईरान-अमेरिका की बातचीत के बीच हमला – अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने के लिए ईरान ने अपनी प्रमुख मांगों में बेरूत पर हो रहे हमलों को रोकने को कहा है। इजरायल के हमले ऐसे समय में तेज हो गए हैं, जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि, लेबनान और इजरायल के बीच औपचारिक तौर पर सीजफायर लागू है, इसके बावजूद इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपना अभियान जारी रखा है। लेबनानी अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में इजरायली हमलों में दिन के दौरान कम से कम 13 लोग मारे गए।
खिरबत सेल्म में रेड के दौरान दो लोगों की मौत – टायर में दो लोगों की मौत
सिसकिया में हवाई हमले में 5 लोगों की मौत
जेलाया में दो महिलाएं और एक बुजुर्ग की मौत
हिजबुल्लाह ने दागे ड्रोन और रॉकेट – इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने कहा है कि हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर विस्फोटक ड्रोन और रॉकेट दागे, जिससे दो सैनिक घायल हो गए। इजरायली सेना ने यह भी कहा कि उसने एक दुश्मन विमान को इजरायल के हवाई क्षेत्र में घुसने से पहले ही रोक लिया। हिजबुल्लाह ने कहा है कि उसने नागरिकों की मौत के जवाब में कई इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया।