
डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सामान पर भारत का टैरिफ सामने आ रहे आधिकारिक आंकड़ों से बहुत ज्यादा है। उन्होंने इस मुद्दे पर संबंधित ऑफिस के आंकड़ों और कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक के तर्क तक को बकवास बताया है। ट्रेड बैरियर्स (व्यापारिक बाधाओं) पर चर्चा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह कहा था। वाइट हाउस की इस बातचीत का हाल ही में आई किताब में खुलासा हुआ है। यह बातचीत मार्च की बताई गई है, जो अंतरराष्ट्रीय व्यापार में पारस्परिकता (रेसिप्रोसिटी) पर ट्रंप के फोकस को दिखाती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय टैरिफ पर अमेरिकी सरकार के आधिकारिक डाटा को खारिज करते हुए कहा था कि ये आंकड़े बकवास हैं। इस पर कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक ने जवाब दिया कि ये आंकड़े असल में अमेरिकी सरकार के आधिकारिक आंकड़े हैं। इसके बावजूद ट्रंप ने इस सबको ‘बुलशिट’ कहकर नकार दिया।
ट्रंप ने लुटनिक की बात नहीं मानी – कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक ने डोनाल्ड ट्रंप को बताया कि टैरिफ से जुड़े ये आंकड़े किसी और के नहीं बल्कि ऑफिस ऑफ द यूनाइटेड स्टेट ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) की ओर से जारी किए गए हैं। इस पर ट्रंप ने लुटनिक के दावे को यह कहते हुए नकार दिया कि अमेरिकी सामान पर भारतीय टैरिफ असल में कहीं ज्यादा हैं।
ट्रंप ने दावा किया था कि भारत की ओर से अमेरिकी सामानों पर 175% टैरिफ लगाया जा रहा है। उन्होंने अपने एक सहयोगी से इसे गूगल करने को कहा था। ट्रंप से जुड़ा यह दावा नई किताब ‘रिजीम चेंज’ में किया गया है। ट्रंप प्रशासन के सीक्रेट सामने लाने का दावा करने वाली मैगी हैबरमैन और जोनाथन स्वान की यह किताब मंगलवार को आई है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील – डोनाल्ड ट्रंप के बारे में यह दावा दिखाता है कि कैसे अमेरिका और भारत के बीच मार्केट एक्सेस (बाजार तक पहुंच) और ट्रेड रेसिप्रोसिटी (व्यापार में समानता) को लेकर हालिया महीनों में तनाव रहा है। डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ दोनों देशों में तनाव की वजह बने थे और हालिया हफ्तों में ट्रेड डील पर चीजें चल रही हैं।
Home / News / ‘अमेरिकी सामान पर भारत के टैरिफ आंकड़ों से बहुत ज्यादा,’ ट्रंप ने अपनी ही एजेंसी के डाटा को बताया ‘बकवास’, खुलासा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website