Monday , August 3 2026 9:33 PM
Home / Sports / कप्तान बनते ही श्रेयस अय्यर को लग गई किसकी नजर, शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया, टीम इंडिया जीत के लिए तरसी

कप्तान बनते ही श्रेयस अय्यर को लग गई किसकी नजर, शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया, टीम इंडिया जीत के लिए तरसी

भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए कप्तानी का सफर बेहद निराशाजनक साबित हो रहा है। शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों मिली 4 विकेट की करारी शिकस्त के बाद श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल इतिहास में अपने शुरुआती चार मैचों में एक भी जीत दर्ज न करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। भारत के लिए अब तक 7 अन्य खिलाड़ियों ने चार या उससे अधिक मैचों में टी20 कप्तानी की है, लेकिन उन सभी ने अपने पहले चार मैचों में कम से कम एक जीत जरूर हासिल की थी।
कप्तानी के दबाव में हैं अययर – 2026 टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तानी संभालने वाले श्रेयस पर दबाव साफ दिख रहा है। चोटों से जूझ रही आयरलैंड टीम के खिलाफ उनकी पहली सीरीज में भारत को 0-2 की ऐतिहासिक हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश में धुल गया और अब दूसरे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने बोर्ड पर लगाए थे 190 रन, तिलक वर्मा ने आखिरी ओवर में मचाई थी तबाही
ओल्ड ट्रैफर्ड की उछाल भरी पिच पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 190/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (43) और ईशान किशन (49) ने टीम को ठोस शुरुआत दी, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 37 रनों का योगदान दिया। हालांकि, कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने बड़ा स्कोर नहीं बना सका। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने भारत की रन गति पर लगाम लगाए रखी, लेकिन आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 24 रनों की विस्फोटक पारी खेली। तिलक ने अंतिम ओवर में 17 रन बटोरे, जिसने टीम इंडिया को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जैकब बेथेल की नाबाद 76 रनों की पारी और रवि बिश्नोई का वो महंगा ओवर
191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने फिल साल्ट और जोस बटलर को जल्दी पवेलियन भेजकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद हैरी ब्रूक ने महज 15 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया, जिन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया। ब्रूक के जाने के बाद जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला और 46 गेंदों पर नाबाद 76 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने टॉम बैंटन के साथ मिलकर 67 रनों की साझेदारी की। मैच का सबसे टर्निंग पॉइंट 17वां ओवर रहा, जब लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने दो नो-बॉल समेत कुल 29 रन लुटा दिए। इस महंगे ओवर ने भारत की बची-खुची उम्मीदें तोड़ दीं और बेथेल ने 1 ओवर शेष रहते ही इंग्लैंड को जीत दिला दी।
हार के बावजूद हौसले बुलंद, वापसी को तैयार हैं श्रेयस अय्यर – इस शर्मनाक रिकॉर्ड और लगातार मिल रही हार के बावजूद कप्तान श्रेयस अय्यर का हौसला कम नहीं हुआ है। मैच के बाद जब उनसे टीम की वापसी और उनके आत्मविश्वास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे अभी भी मजबूत हौसले में हैं। श्रेयस ने कहा, ‘बिल्कुल, मैं हमेशा सकारात्मक और मजबूत हौसले में रहता हूं। मैं जानता हूं कि यह हमारा सबसे निचला स्तर है और यहां से हम इससे नीचे नहीं जा सकते। अब हम यहां से सिर्फ आगे बढ़ सकते हैं और मैच जीत सकते हैं।” इस 5 मैचों की सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला अब 7 जुलाई, मंगलवार को खेला जाएगा, जहां श्रेयस अय्यर अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।