Thursday , August 13 2026 6:38 PM
Home / News / होर्मुज स्ट्रेट पर फीस लगाने की ट्रंप की योजना का ईरान ने उड़ाया मजाक, अराघची बोले- 20% तो बहुत ज्यादा

होर्मुज स्ट्रेट पर फीस लगाने की ट्रंप की योजना का ईरान ने उड़ाया मजाक, अराघची बोले- 20% तो बहुत ज्यादा


ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा का मजाक उड़ाया है जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर 20% टैरिफ लगाने की बात कही थी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप की योजना पर तंज कसते हुए कहा कि 20 फीसदी तो बहुत ज्यादा है। उन्होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य का संरक्षक बताते हुए कहा कि तेहरान कम और उचित फीस लेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अराघची ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति बिल्कुल सही कह रहे हैं। जो कोई भी होर्मुज जलडमरूमध्य से कमर्शियल जहाजों के सुरक्षित और सकुशल गुजरने की सुविधा देता है, उसे इस सेवा के लिए मुआवाज मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “ईरान हमेशा से इस जलडमरूमध्य का संरक्षक रहा है और हमेशा रहेगा। 20% तो निश्चित रूप से बहुत ज्यादा है। हम उचित दर रखेंगे।”
ट्रंप ने 20% टैरिफ लगाने का किया ऐलान – इसके पहले सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर 20% शुल्क लगाने की बात कही थी। उन्होंने अमेर‍िका को ‘होर्मुज स्‍ट्रेट का संरक्षक’ बताया। साथ ही कहा कि यह अहम जलमार्ग अमेर‍िका की निगरानी में सभी देशों के ल‍िए पूरी तरह से खुला रहेगा, केवल ईरान से जुड़े जहाजों और ग्राहकों पर इस मार्ग के इस्‍तेमाल पर रोक रहेगी।
अमेर‍िकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्‍ट में लिखा, “होर्मुज स्‍ट्रेट खुला है और यह ईरान के बिना भी खुला रहेगा। हम अब ‘ईरानी नाकाबंदी’ को फिर से लागू कर रहे हैं। इसका मतलब सिर्फ इतना है कि ईरान के जहाजों या ईरान से जुड़े ग्राहकों के आने-जाने पर रोक होगी। बाकी सभी देशों के लिए इस समुद्री मार्ग का इस्तेमाल निष्पक्ष और खुला रहेगा।”