Tuesday , August 4 2026 7:19 AM
Home / News / अब ट्रंप ने नाटो को दुनिया के लिए जरूरी बताया

अब ट्रंप ने नाटो को दुनिया के लिए जरूरी बताया


वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाटो पर दिए अपने पूर्व बयान से भी अब पलट गए हैं। पूर्व में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) को अप्रासंगिक गठजोड़ बताने वाले ट्रंप ने अब उसे दुनिया के लिए जरूरी बताया है।

व्हाइट हाउस पहुंचे नाटो के महासचिव जेंस स्टॉलटेनबर्ग का न केवल गर्मजोशी से स्वागत किया बल्कि साथ में लंबी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। सीरिया को लेकर रूस के साथ आई संबंधों में तल्खी के दौर में ट्रंप ने गठबंधन की मजबूती पर बल दिया। कहा कि नाटो लंबे समय के लिए अप्रासंगिक नहीं रह सकता।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इस गठजोड़ का खास महत्व है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें आशा है कि नाटो आतंकी संगठन आईएस से लड़ने में अपनी भूमिका बढ़ाएगा।

रूस के साथ अमेरिका के संबंधों को परिभाषित करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह अभी तक की सबसे कमजोर स्थिति में हैं। फिलहाल हम कहीं पर भी रूस के साथ नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि 28 सदस्य देशों वाले नाटो का गठन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सन 1949 में हुआ था। यह अमेरिकी नीतियों का समर्थक सैन्य गठबंधन है।