
मनीलाः भारत ने फिलीपींस को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से लड़ाई के लिए 5 लाख डॉलर यानी तकरीबन 3.2 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी है। ऐसा पहली बार है जब भारत ने किसी देश को आतंकी समूहों से सुरक्षा के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराई है।
देश के दक्षिणी इलाके के मारावी शहर में लगभग 2 महीने से ज्यादा समय से ISIS ने कब्जा कर रखा है और सुरक्षाबल इसे मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भारत की तरफ से यह सहायता विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और फिलीपींस के विदेश मंत्री अलन पीटर काएटानो के बीच 6 जुलाई को हुई बातचीत के बाद दी गई है। मनीला में भारतीय दूतावास की तरफ से जारी बयान में कहा गया, ‘मारावी सिटी में लोगों के मारे जाने पर सुषमा स्वराज ने शोक व्यक्त किया है।’
सूत्रों के मुताबिक फिलीपींस की सेना और ISIS समर्थित आतंकी समूहों के बीच 26/11 जैसा संघर्ष चल रहा है, जो बीचे 7 हफ्तों से जारी है। इस संघर्ष में अब तक 90 से ज्यादा जवान शहीद हो चुके हैं। लड़ाई में 380 आतंकवादी और दर्जनों आम नागरिक भी मारे जा चुके हैं। आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को अभी भी बंधक बना रखा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website