Sunday , March 22 2026 2:26 AM
Home / News / मिस अमरीका प्रतियोगिता में स्विम सूट स्पर्धा को लेकर अहम फैसला

मिस अमरीका प्रतियोगिता में स्विम सूट स्पर्धा को लेकर अहम फैसला


अटलांटिक सिटीः अमरीका में सौंदर्य प्रतियोगिता करवाने वाली एक आर्गेनाइजेशन ने अहम फैसला लिया है। ‘द मिस अमरीका आर्गेनाइजेशन’ के फैसले अनुसार अब मिस अमरीका बनने की इच्छुक महिलाओं को स्विम सूट प्रतियोगिता में भाग नहीं लेना होगा। इस आर्गेनाइजेशन’ ने स्पर्धा के इस वर्ग को हटा दिया है। इस साल 9 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में यह बदलाव लागू हो जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए संस्था ने कहा कि अब प्रतिभागियों को उनके रूप-रंग नहीं बल्कि बुद्धिमानी और व्यक्तित्व पर परखा जाएगा। पूर्व मिस अमरीका और संस्था के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी की प्रमुख ग्रेटचेन का‌र्ल्सन ने कहा, ‘संस्था इवनिंग वियर (शाम में पहनने वाले परिधान) प्रतियोगिता में भी बदलाव करेगी। हमारी कोशिश है कि प्रतिभागियों को उनके परिधान के आधार पर ना आंका जाए।
उल्लेखनीय है कि करीब 100 साल पहले शुरू हुई प्रतियोगिता में यह बदलाव पिछले साल हुए ईमेल स्कैंडल के बाद किया गया है। दरअसल, संस्था के कुछ अधिकारियों ने ईमेल में पहले चुनी जा चुकीं तमाम मिस अमरीका के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। स्कैंडल के खुलासे के बाद संस्था के तीन उच्च पदों में बदलाव किया गया। फिलहाल तीनों पद महिलाएं संभाल रही हैं।