
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के सामने कंगाल होने के हालात बनते जा रहे हैं। जुलाई में होने वाले आम चुनावों से पहले 30 हजार करोड़ डॉलर वाली अर्थव्यवस्था लडख़ड़ाती नजर आ रही है। आर्थिक संकट के हालात ये हैं कि पाकिस्तानी रुपए की कीमत भारत की तुलना में लगभग आधी रह गई है। इस हफ्ते पाक रुपया डॉलर के मुकाबले 122 रुपए के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि भारतीय रुपए की वर्तमान कीमत 67.66 रुपए है।
रिकॉर्ड स्तर तक गिरने के बाद गुरुवार को पाक रुपए की कीमत 118.24 रुपए रही। अगले महीने चुनावों में यह एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है। पाकिस्तान के स्टेट बैंक के अनुसार लगातार बढ़ते व्यापार घाटे की वजह से पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था जबरदस्त दबाव झेल रही है। अगले महीने होने वाले चुनावों के बाद पाकिस्तान एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष से कर्ज की गुहार लगा सकता है।
एक बार फिर चीन की शरण में
आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान एक बार फिर से चीन की शरण में है। पिछले 10 महीनों में पाकिस्तान चीन से 440 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुका है। साल 2017-18 में पाकिस्तान के कुल विदेशी कर्ज में 40 फीसदी हिस्सा चीन का ही है। यही नहीं, पाकिस्तान स्टेट बैंक चीन से 150 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त कर्ज लेने की तैयारी में है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website