
काबुल ज्वानन के 20 साल के युवा ओपनर बल्लेबाज हजरतुल्ला जजाई ने टी-20 फॉर्मेट में ऐसा कारनामा किया है, जिसने भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के यादगार छक्कों की याद ताजा कर दी है। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के 14वें यादगार मुकाबले में हजरतुल्ला ने 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर टी-20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया। बता दें कि इससे पहले ये कारनामा करने वाले युवराज इकलौते बल्लेबाज थे। अब हजरतुल्ला युवराज के बाद 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं।
मजारी की 6 गेंदों पर गगनचुंबी 6 छक्के
बाल्ख लीजेंड के 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काबुल ज्वानन के सलामी बल्लेबाज हजरतुल्ला ने तीसरे ओवर में बाल्ख लीजेंड के स्पिनर मजारी की 6 गेंदों पर गगनचुंबी 6 छक्के जड़े। इतना ही नहीं उन्होंने मात्र 12 गेंदों पर अपना ताबड़तोड़ अर्धशतक बनाकर रिकॉर्ड भी बनाया। 2 गेंदों पर लगातार छक्के लगने के बाद मजारी दिशा से भटके और उन्होंने अगली गेंद वाइड डाली। वहीं बाकी 4 गेंदों पर हजरतुल्ला ने मजारी को ना बख्शते हुए लगातार छक्के जड़कर इतिहास रच दिया।
सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी
अपनी ताबड़तोड़ और यादगार पारी खेलकर हजरतुल्ला ने खुद को एक और सूची में शूमार कर लिया है। 6 गेंदों पर 6 छक्कों के अलावा उन्होंने 12 गेंदों पर सबसे तेज अर्धशतक भी पूरा किया और ऐसा करने वाले वो दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड 2007 में युवराज सिंह और 2015 में विंडीज के क्रिस गेल ने बनाया था।
मजारी के नाम भी दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
वहीं अपने पहले ही ओवर में 6 छक्के खाने वाले बाल्ख लीजेंड के स्पिनर मजारी के नाम भी एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इससे पहले साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम भी ऐसा ही अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।
युवराज ने टी-20 वर्ल्ड कप में जड़े थे 6 छक्के
साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका के डरबन में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में टीम इंडिया के युवराज सिंह ने पहली बार टी-20 फॉर्मेट में 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़े थे। उन्होंने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के लगाए थे। युवराज ने उस मैच में 362.50 की स्ट्राइक रेट से 16 गेंदों पर 58 रन बनाए थे, जिसमें 7 छक्के और 3 चौके शामिल थे। इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान युवराज ने महज 12 गेंदों पर अपना अर्धशतक भी पूरा किया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website