
अमेरिकी अभिनेत्री जैडा पिंकेट स्मिथ ने गायक आर. केली के खिलाफ यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाने वाली महिलाओं के प्रति समर्थन जताया है।
उन्होंने कहा कि यह देखना बेहद दुखद है कि कैसे कुछ लोग केली के खिलाफ बोलने वाली पीडि़त महिलाओं की आलोचना कर रहे हैं।
टीएमजेड डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी टॉक शो ‘रेड टेबल टाक’ के विशेष संस्करण ‘सर्ववाइविंग आर. केली : द ऑफ्टरमाथ (पार्ट 1)’ में जैडा ने डॉक्यूसीरीज ‘सर्ववाइविंग आर. केली’ पर चर्चा की और केली के खिलाफ बोलने के बाद आलोचनाओं से घिरी महिलाओं पर भी बात की।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह दिल टूटने जैसा है। कितनी कठोर प्रतिक्रियाएं हैं।’’
जैडा ने सालों पहले पीडि़ताओं की बातों को अनदेखा करने के लिए जनता और खुद को भी दोषी ठहराया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको बताना चाहती हूं कि मैंने बहुत सारी चीजें महसूस कीं। इसे लेकर मेरी बहुत सारी भावनाएं हैं। हम सब कितने कठोर हो गए हैं? ऐसी चीजों ने वास्तव में मेरा दिल तोड़ दिया। हमें इस बारे में सोचना चाहिए था लेकिन हमने इसे नजरअंदाज कर दिया।’’
अभिनेत्री ने सभी से ‘आत्म घृणा की जांच’ करने और दुष्कर्म व छेड़छाड़ पीडि़तों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website