
ब्रिटेन में मां-बाप की क्रूरता का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है जिसके बारे में सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। जानकारी के अनुसार यहां एलेक्सेंड्रा कोपिनस्का (22) और एडम जेनडर्जेक (32) ने अपने चार महीने के बच्चे की 28 हड्डियां तोड़ दीं। बच्चे के घुटने, हाथ, एड़ी और पसलियों की हड्डियां टूटी हुई थीं। इस गुनाह का दोषी पाए जाने के बाद होव क्राउन कोर्ट ने दोनों को आठ साल की जेल की सजा सुनाई है।
इतना ही नहीं, उन्होंने यह बात लंबे समय तक डॉक्टरों से छिपाए रखी और बच्चा कई दिनों तक दर्द सहता रहा। उन्होंने ब्राइटन के रॉयल एलेक्सेंडर चिल्ड्रन हॉस्पिटल के डॉक्टरों से बच्चे की चोट के बारे में भी झूठ बोला। मगर, 2017 की फरवरी में अस्पताल के स्टाफ ने बच्चे के हाथ ही नहीं पूरे शरीर का एक्सरे किया। उसकी रिपोर्ट देख डॉक्टरों के होश उस वक्त उड़ गए, जब उन्होंने बच्चे के शरीर पर 28 फ्रैक्चर देखे। जब मां-बाप से फ्रैक्चर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसका कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि बच्चे के साथ 4 से 6 हफ्ते पहले मारपीट की गई थी, जिसमें उसके शरीर की 28 हड्डियां टूट गई थीं। जज हैनसन ने कहा कि यह विश्वासघात का मामला है। उन्होंने दोनों दोषियों को आठ साल जेल की सजा सुनाई। एडम जेनडर्जेक को साल 2011 में भी घरेलू हिंसा का दोषी ठहराया जा चुका है। माना जा रहा है कि उसने अपनी मां के साथ दुर्व्यवहार किया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website