
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन और आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी को रियो ओलंपिक की पूर्व संध्या पर गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के आठ नए सदस्यों में चुन लिया गया। नीता अंबानी इस प्रतिष्ठित संस्था से जुडऩे वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं।
नीता अंबानी भारत से इस संस्था में एकमात्र सदस्य हैं और उनकी नियुक्ति उनके 70 साल होने तक रहेगी। नीता अंबानी को इस वर्ष जून में आईओसी के कार्यकारी बोर्ड ने नामित किया था। उन्हें आईओसी के 129वें सत्र में ओलंपिक की विश्व संस्था का सदस्य चुन लिया गया।
आईओसी में चुने जाने के बाद नीता अंबानी ने कहा कि मैं विश्व ओलंपिक संस्था में चुने जाने पर गर्व महसूस कर रही हूं। यह विश्व मानचित्र पर भारत के बढ़ते महत्व और भारतीय महिलाओं को मिल रही मान्यता का प्रतीक है।
मेरा हमेशा मानना है कि खेल युवाओं को एक दिशा दे सकते हैं। खेल समुदायों, संस्कृति और पीढिय़ों को जोड़ सकते हैं। मुझे खुशी है कि अब मुझे देश में ओलंपिक भावना और खेलों का प्रसार करने का मौका मिलेगा। इन आठ नए सदस्यों के साथ आईओसी सदस्यों की कुल संख्या 98 पहुंच गई है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website