Wednesday , March 4 2026 6:35 PM
Home / News / India / भारत ने वेस्टइंडीज को विश्व कप की सबसे बड़ी हार देते हुए, जीत का सिलसिला जारी रखा

भारत ने वेस्टइंडीज को विश्व कप की सबसे बड़ी हार देते हुए, जीत का सिलसिला जारी रखा

आलोक गुप्ता, ओल्ड ट्राफ़्फोर्ड

मैंचेस्टर:  आई सी सी विश्व कप क्रिकेट में अपनी जीत का लगातार सिलसिला जारी रखते हुए भारत ने प्रतियोगिता के 34वें मैच में मैनचेस्टर के ओल्ड टैफर्ड मैदान पर वेस्टइंडीज को 125 रनों से हरा दिया। वर्ल्ड कप इतिहास में विंडीज के खिलाफ रनों के लिहाज से भारत की ये सबसे बड़ी जीत है। पिछली बार उसने 2011 में वेस्टइंडीज को 80 रन से हराया था। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया के 6 मैच में 11 अंक हो गए। अंक तालिका में वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई। भारत का अगला मैच मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 30 जून को बर्मिंघम में होगा। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज इस हार के साथ ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है |

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 268 रन बनाए। विराट कोहली ने 72 रन की पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी 56 रन बनाकर नाबाद रहे। लोकेश राहुल ने 48 और हार्दिक पंड्या ने 46 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच ने 3 विकेट लिए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 34.2 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके लिए सुनील अंबरिस ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए। कोहली को मैन ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।

राहुल-कोहली ने भारतीय शुरुआत को सम्हाला

टीम इंडिया को पहला झटका 29 के स्कोर पर लगा। ओपनर रोहित शर्मा 18 रन बनाकर आउट हो गए। केमार रोच की गेंद पर शाई होप ने उनका कैच लिया। लोकेश राहुल अर्धशतक लगाने से चूक गए। वे जेसन होल्डर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कोहली के साथ 69 रन की साझेदारी की। विजय शंकर 14 रन बनाकर केमार रोच की गेंद पर आउट हुए। केदार जाधव (7) को रोच ने पवेलियन भेजा।

कोहली का लगातार चौथा अर्धशतक

कोहली ने करियर का 52वां अर्धशतक लगाया। यह कोहली का लगातार चौथा 50+ स्कोर है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 82, पाकिस्तान के खिलाफ 77 और अफगानिस्तान के खिलाफ 67 रन बनाए थे। कोहली अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे कम पारियों में 20 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैनचेस्टर में 37 रन बनाते ही इस उपलब्धि को हासिल कर लिया।

सचिन-लारा को पीछे छोड़ा

कोहली ने सबसे कम पारियों में 20 हजार रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन और लारा ने 457वीं पारी में 20 हजार रन पूरे किए थे। कोहली ने 417वीं पारी में ही इस आंकड़े को छू लिया। वे 20 हजार रन बनाने वाले 12वें बल्लेबाज हैं। कोहली ने टेस्ट में 131, वनडे में 224 और टी-20 में 62 पारियां खेलीं।

धोनी-हार्दिक की शानदार साझेदारी

कोहली के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे हार्दिक ने धोनी का साथ निभाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। हार्दिक ने 38 गेंद की पारी में 5 चौके लगाए। दूसरी ओर धोनी ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने 50वें ओवर में ओशाने थॉमस की 6 गेंद पर कुल 16 रन बनाए।

वेस्टइंडीज का ऊपरी क्रम एक बार फिर असफल

वेस्टइंडीज के ओपनर क्रिस गेल इस मैच में नहीं चले। वे 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शमी की गेंद पर केदार जाधव ने उनका कैच लिया। गेल अपनी पारी में सिर्फ एक चौका लगा सके। शमी ने इसके बाद शाई होप (5) को भी पवेलियन भेज दिया। सुनील अंबरिस (31) को हार्दिक ने आउट किया। कुलदीप ने निकोलस पूरन को पवेलियन भेजा। पूरन ने 28 रन की पारी खेली। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सुनील अंबरिस के साथ 55 रन की साझेदारी की। चहल ने विंडीज कप्तान जेसन होल्डर (6) को पवेलियन भेजा।

मोहिंदर अमरनाथ का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा शमी ने

शमी ने मैच में 16 रन देकर 4 विकेट लिए। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में किसी भारतीय गेंदबाज का यह सबसे बेहतर प्रदर्शन है। इससे पहले 1983 में मोहिंदर अमरनाथ ने 12 रन देकर 3 विकेट लिए थे। 1983 में ही रवि शास्त्री ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए थे। वहीं, 2011 में जहीर खान ने 26 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे।

स्कोरकार्ड : भारत

बल्लेबाज रन गेंद 4s 6s
लोकेश राहुल बो. होल्डर 48 64 6 0
रोहित शर्मा कै. होप बो. रोच 18 23 1 1
विराट कोहली कै. (सब.) ब्रावो बो. होल्डर 72 82 8 0
विजय शंकर कै. होप बो. रोच 14 19 3 0
केदार जाधव कै. होप बो. रोच 7 10 1 0
महेंद्र सिंह धोनी नाबाद 56 61 3 2
हार्दिक पंड्या कै. एलेन बो. कॉटरेल 46 38 5 0
मोहम्मद शमी कै. होप बो. कॉटरेल 0 2 0 0
कुलदीप यादव नाबाद 0 1 0 0

 

रन : 268/7, ओवर : 50, एक्स्ट्रा : 7.

विकेट पतन : 29/1, 98/2, 126/3, 140/47, 180/5, 250/6, 252/7.

गेंदबाजी : शेल्डन कॉटरेल: 10-0-50-2, केमार रोच: 10-0-36-3, ओशाने थॉमस: 7-0-63-0, फैबियन एलेन: 10-0-52-0, जेसन होल्डर: 10-2-33-2, कार्लोस ब्रैथवेट: 3-0-33-0.

 

स्कोरकार्ड : वेस्टइंडीज

बल्लेबाज रन गेंद 4s 6s
क्रिस गेल कै. केदार बो. शमी 6 19 1 0
सुनील अंबरिस एलबीडब्ल्यू बो. हार्दिक 31 40 2 0
शाई होप बो. शमी 5 10 1 0
निकोलस पूरन कै. शमी बो. कुलदीप 28 50 2 0
शिमरॉन हेटमायर कै. राहुल बो. शमी 18 29 1 0
जेसन होल्डर कै. केदार बो. चहल 6 13 0 0
कार्लोस ब्रैथवेट कै. धोनी बो. बुमराह 1 5 0 0
फैबियन एलेन एलबीडब्ल्यू बो. बुमराह 0 1 0 0
केमार रोच नाबाद 14 21 3 0
शेल्डन कॉटरेल एलबीडब्ल्यू बो. चहल 10 8 1 1
ओशाने थॉमस कै. रोहित बो. शमी 6 1 11 0

रन : 143/10, ओवर : 34.2, एक्स्ट्रा : 18.

विकेट पतन : 10/1, 16/2, 71/3, 80/4, 98/5, 107/6, 107/7, 112/8, 124/9, 143/10.

गेंदबाजी : मोहम्मद शमी: 6.2-0-16-4, जसप्रीत बुमराह: 6-1-9-2, हार्दिक पंड्या: 5-0-28-1, कुलदीप यादव: 9-1-35–1, केदार जाधव: 1-0-4-0, युजवेंद्र चहल: 7-0-39-2.

 

वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से वेस्टइंडीज की तीसरी बड़ी हार

हार का अंतर किसके खिलाफ मैदान साल
257 दक्षिण अफ्रीका सिडनी 2015
143 न्यूजीलैंड वेलिंगटन 2015
125 भारत मैनचेस्टर 2019
113 श्रीलंका प्रोविडेंस 2007