
अमेरिका के शिकागो में उत्तर और मध्य इलाके में भारी बर्फबारी के कारण जीवन की रफ्तार थम सी गई है। ओहारा और मिडवे हवाई अड्डों पर भारी मात्रा में बर्फ होने के कारण सोमवार को 1,200 से ज्यादा उड़ानों को रद्द कर दिया गया। शहर और आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है।
शिकागो डिपार्टमेंट ऑफ एविएशन के अनुसार, शाम 5 बजे तक ओहारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 1,114 उड़ानें रद्द कर दी गई, जबकि मिडवे पर 98 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अमेरिकी मौसम विभाग के मुताबिक, शिकागो के उत्तर और मध्य इलाके में तीन से छह इंच बर्फ बिछी है। मंगलवार दोपहर के बाद बर्फबारी की संभावना है।
अमेरिकन एयरलाइंस के अनुसार सोमवार को रनवे पर जमी बर्फ के कारण एक विमान को खींचकर लाया गया। सोमवार को शिकागो की सड़कों पर आधा फुट तक बर्फ गिरी। उत्तर पश्चिमी इंडियाना में छह इंच तक बर्फबारी हुई। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दी इस बार जल्दी आ गई है। एक व्यक्ति ने कहा कि मैं यहां 60 साल से हूं, लेकिन कभी इतनी जल्दी सर्दी का अनुभव नहीं किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website