
बोलीविया के ला पाज शहर में अंतरिम राष्ट्रपति जीनिन अनेज के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस और सेना के जवानों ने बुधवार को लाठियां बरसाईं और आंसू गैस के गोले दागे। प्रदर्शनकारी पूर्व राष्ट्रपति एवो मोरालेस के समर्थक समर्थक थे और श्री अनेज से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
लैटिन अमेरिकी देश बोलीविया में सेना को शुरू में हिदायत दी गई थी कि प्रदर्शनकारियों को दबाने से बचें, लेकिन हिंसा की वृद्धि के बीच प्रशासन ने सशस्त्र समूहों के खिलाफ बल प्रयोग के लिए सेना को अधिकृत कर दिया। सेना के पोंचोस रोजोस (रेड पोंचोस) समूह ने बुधवार को ला पाज में गश्त की। उधर, स्थानीय मीडिया द्वारा प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि सुरक्षा बलों के जवान प्रदर्शनकारियों को दबाने के लिए बल प्रयोग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री मोरालेस ने 20 अक्टूबर को राष्ट्रपति पद के चुनाव में पहले चरण में जीत का दावा किया था, लेकिन उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी कार्लोस मेसा ने चुनाव नतीजे को खारिज कर दिया और इसके बाद राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन शुरू हो गया। इसके बाद बोलीविया के सशस्त्र बलों ने देश में व्यवस्था और स्थिरता बनाए रखने के लिए श्री मोरालेस से इस्तीफा देने का आग्रह किया। श्री मोरालेस पद छोड़ने के बाद मेक्सिको के लिए रवाना हो गये और वहां उन्होंने राजनीतिक शरण ली।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website