
इटली के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक वेनिस में हाई टाइड के कारण भीषण बाढ़ आ गई जिस कारण शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों में पानी भर गया।वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने बताया कि शहर में 53 साल बाद ऐसी खतरनाक बाढ़ देखने को मिली है। शहर को आपदाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। ऐतिहासिक मार्क स्क्वेयर पर भी 6.2 फीट पानी भर गया है। ब्रुगनारो ने ट्वीट किया कि पूरा शहर घुटनों पर आ गया है।
चर्चित ग्रिटी पैलेस की कई बहुमूल्य चीजों को भी नुकसान पहुंचा है। कोस्टगार्ड टीम अतिरिक्त बोट और वॉटर एंबुलेंस के साथ बचाव कार्य में जुटी है। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है। इटली में खराब मौसम के कारण पिछले साल 11 लोगों की मौत हुई थी।
ब्रुगनारो ने कहा, “हमने सरकार से मदद के लिए कहा है। हमें बहुत धन की जरूरत होगी। यह जलवायु परिवर्तन का परिणाम है। हम सरकार से आपातकाल घोषित करने के लिए कहेंगे।” इससे पहले, अमेरिका के शिकागो में एक दिन पहले 6 इंच तक बर्फबारी हुई थी। वहीं, रूस में पहली बर्फबारी से सर्दी बढ़ गई है।
1966 में भी बाढ़ ने मचाया था कहर
समुद्र में उठे ताजा तूफान ने वेनिस के लोगों को वर्ष 1966 की यादें ताजा कर दी है। इस वर्ष यहां समुद्र में भीषण ज्वार आया था। यह ज्वार इससे भी ज्यादा भीषण था। उस दौरान समुद्र में करीब सात फीट ऊंची लहरें उठी थीं। इसने पूरे वेनिस को तहस-नहस कर दिया था। इसके बाद एक बार फिर से वेनिस के लोगों ने यह तबाही का मंजर देखा है। इस बार भी पूरा वेनिस शहर जलमग्न हो गया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website