
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन गयूम को धनशोधन के एक मामले में गुरुवार को पांच साल की जेल की सजा सुनाई गई है। यामीन पर आरोप है कि उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले की चल रही जांच के दौरान अपने एक खाते से 10 लाख डॉलर अवैध तरीके से स्थनांतरित किए थे। 60 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति को धनशोधन के मुकदमे के गवाहों को रिश्वत देने के आरोप में फरवरी में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने अवैध भुगतान लेने के आरोप में पिछले साल के अंत में यामीन के खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी थी जिनमें 65 लाख डॉलर हैं।
जांचकर्ताओं का मानना है कि यामीन ने विदेशों में लाख डॉलर रखे हो सकते हैं और वे नकद वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं। यामीन को 2018 में हुए चुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। उन्होंने अपने कार्यकाल में विरोधियों को जेल में रखा था या उन्हें निर्वासन में रहने को मजबूर किया था। पूर्व राष्ट्रपति अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान राजनीतिक और आर्थिक समर्थन के लिए चीन पर काफी निर्भर थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website