Saturday , April 25 2026 11:42 PM
Home / News / हिंसक प्रदर्शनों से जल उठा इराक, 400 से ज्यादा मौत के बाद PM ने दिया इस्तीफा

हिंसक प्रदर्शनों से जल उठा इराक, 400 से ज्यादा मौत के बाद PM ने दिया इस्तीफा


इराक में गृह युद्ध व पिछले 2 माह से बड़े स्तर पर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री अदेल अब्दुल महदी ने शनिवार को अपना इस्तीफा संसद को सौंप दिया। इसके बाद पीएम ने कार्यवाहक सरकार के कर्तव्यों पर चर्चा करने के लिए विशेष संसद सत्र बुलाया। अब्दुल महदी ने 29 नवंबर को घोषणा की थी कि वह संसद को अपना इस्तीफा सौंपेंगे, ताकि सांसद सरकार विरोधी प्रदर्शनों के जवाब में एक नई सरकार चुन सके।
बता दें कि इस साल अक्टूबर से ही इराक की राजधानी बगदाद के अलावा मध्य और दक्षिणी इराक के अन्य शहरों में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी है।यहां के लोग व्यापक सुधार, भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग, नौकरियों और बेहतर सार्वजनिक सेवाओं की मांग को लेकर सड़कों पर निकल पड़े हैं। इराक के शीर्ष धर्मगुरु अयातुल्ला अली अल-सिस्तानी नसीरिया में इराकी सैन्य बलों की कार्रवाई का विरोध करते हुए कई दिनों से प्रधानमंत्री अदेल अब्दुल महदी से इस्तीफे की मांग कर रहे थे ।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने सेनाध्यक्ष जनरल शुमारी को उनके पद से हटा दिया।जनरल शुमारी को ही नसीरिया में सरकार विरोधी प्रदर्शन को दबाने के लिए भेजा गया था। जनरल नसीरिया के आदेश पर सुरक्षा बलों ने फायरिंग की, जिसमें 25 प्रदर्शनकारी मारे गए थे। इराक में सरकार के खिलाफ इसी साल 1 अक्टूबर से प्रदर्शन शुरू हुए हैं।
पहले तो ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन सरकार की ओर से मिली ठंडी प्रतिक्रिया के बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए. 60 दिनों में इन प्रदर्शनों में अबतक 420 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 15000 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। बगदाद इन प्रदर्शनों का केंद्र रहा है। इसके अलावा नजफ, करबला, और बसरा में भी प्रदर्शन हो रहे हैं।