
चीन ने रिश्वत लेने के आरोप में पूर्व इंटरपोल चीफ मेंग होंगवेई को मंगलवार को 13 साल की कैद की सजा दी गई। गौरतलब है कि वर्ष 2018 से पूर्व इंटरपोल चीफ लापता थे। चीन के कोर्ट के अनुसार उन्हें यह सजा घूसखोरी के आरोप में दी गई है। उनपर करीब 2 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। पिछले साल जून में मुकदमे की सुनवाई के दौरान उन्हें 2.1 लाख डॉलर की रिश्वत लेने का दोषी पाया गया था। मेंग को 13 साल 6 माह के कैद की सजा दी गई है। पिछले साल चीन के दौरे पर गए मेंग लापता हो गए थे बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और कम्युनिस्ट पार्टी से निकाल दिया गया।
वर्ष 2018 में फ्रांस स्थित अंतरराष्ट्रीय पुलिस मुख्यालय से अपने देश आए होंगवेई को चीन में हिरासत में ले लिया गया था। बाद में उन्हें सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से भी निष्कासित कर दिया गया था। मेंग की पत्नी ने इस मामले को लेकर अपने और बच्चों के अपहरण की आशंका जताई थी। इसके बाद फ्रांस ने उन्हें राजनीतिक शरण दे दी थी। वर्ष 2005 से 2017 तक चीन में जनसुरक्षा और तटरक्षक बल के मंत्री रहे मेंग को राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा चलाए गए भ्रष्टाचाररोधी अभियान के तहत पकड़ा गया था। चिनफिंग के इस अभियान को हालांकि कुछ आलोचक राजनीतिक विरोधियों को रास्ते से हटाने की कोशिशों के तौर पर भी देखते हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website