Tuesday , August 18 2026 12:23 AM
Home / News / 24-25 फरवरी को पत्नी मेलानिया के साथ भारत की यात्रा पर आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

24-25 फरवरी को पत्नी मेलानिया के साथ भारत की यात्रा पर आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फरवरी के आखिरी सप्ताह में होने वाले भारत दौरे की तारीख तय हो गई है। राष्ट्रपति ट्रंप 24 और 25 फरवरी को भारत की यात्रा पर होंगे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी साथ होंगी। व्हाइट हाउस की ओर से किए गए ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी दी गई है।
व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया 24-25 फरवरी को भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने जाएंगे। यह यात्रा अमेरिका-भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी। साथ ही अमेरिकी और भारतीय लोगों के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों को बढ़ावा देगी।
बयान में बताया गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप अपनी पत्नी के साथ भारत की राजधानी नई दिल्ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की यात्रा करेंगे। इस दौरान वह अहमदाबाद जाएंगे, इस शहर की महात्मा गांधी के जीवन और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बता दें कि इससे पहले सूत्रों का कहना था कि राष्ट्रपति ट्रंप अधिकतर समय राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में बिताने के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा भी जा सकते हैं। इसके अलावा वे अहमदाबाद में हाउडी मोदी जैसे एक कार्यक्रम को भी संबोधित कर सकते हैं। बता दें कि दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच चल रहा व्यापार गतिरोध थमने की संभावना है।

अधिकारिक सूत्रों का दावा है कि इस दौरान दोनों देशों के बीच एक ट्रेड डील पर हस्ताक्षर होना है। भारत और अमेरिका के व्यापारिक मामलों से जुड़े अधिकारी फिलहाल इस प्रस्तावित डील को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस डील में कई निश्चित व्यापारिक सेक्टरों को शामिल किया गया है।