Tuesday , August 18 2026 2:06 AM
Home / News / ब्रिटेनः 50 पेंस का ब्रेक्जिट सिक्का जारी किया

ब्रिटेनः 50 पेंस का ब्रेक्जिट सिक्का जारी किया


ब्रिटेन के ईयू से अगल होने के क्रम में चांसलर साजिद जाविद ने शनिवार को 50 पेंस (आधा पौंड) का विशेष ब्रेक्जिट सिक्का जारी किया। इस पर ‘सभी देशों के साथ शांति, समृद्धि और दोस्ती’ लिखा है। साथ ही 31 जनवरी की तारीख भी दर्ज है। इसी दिन ब्रिटेन यूरोपीय यूनियन (ईयू) से बाहर हो जाएगा। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने 25 जनवरी को ईयू से बाहर होने के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। 31 जनवरी को यह समझौता लागू होते ही पूरे देश में 30 लाख ब्रेक्जिट सिक्के जारी किए जाएंगे। इसके बाद साल के आखिरी तक 70 लाख सिक्के और जारी किए जाएंगे। इससे पहले पिछले साल 31 अक्टूबर को यह समझौता होने की उम्मीद थी। इसी को ध्यान में रखकर जाविद ने सिक्कों की ढलाई का आदेश दिया था। लेकिन अंत समय में समझौता टलने से सिक्कों की ढलाई का काम रोक दिया गया।
शाही टकसाल के प्रमुख साजिद जाविद ने कहा है कि इस सप्ताह प्रधानमंत्री जॉनसन को सिक्कों का एक सेट भेंट किया जाएगा। शाही टकसाल की ओर से कहा गया है कि अगर इन सिक्कों की मांग बढ़ी तो वह 24 घंटे काम करेगी। ब्रिटेन में विशेष अवसरों पर इस तरह के सिक्के जारी करने की परंपरा है। इससे पहले 2012 में लंदन ओलंपिक को समर्पित स्मारक सिक्का जारी किया गया था। ब्रेक्जिट स्मारक सिक्के का विचार सबसे पहले पूर्व चांसलर फिलिप हेमंड ने पेश किया था, लेकिन उन्होंने ऐसे सिर्फ दस हजार सिक्के जारी किए जाने की बात कही थी।