
अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि अगर उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे बात करने का मौका मिले तो वे उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहेंगे। ट्रंप को दावोस में विश्व आर्थिक मंच को संबोधित करना था लेकिन अमेरिकी इतिहास में सरकारी कामकाज की सर्वाधिक लंबी आंशिक बंदी के कारण वे इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं।
केरी से विश्व आर्थिक मंच के पैनल के दौरान यह पूछे जाने पर कि अगर उन्हें ट्रंप के साथ बैठने का मौका मिलता तो उनसे क्या कहते, उन्होंने एक शब्द का जवाब दिया, इस्तीफा। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2004 में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार केरी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ट्रंप के पास गहन बातचीत करने की क्षमता है।
व्हाइट हाउस ने हालांकि केरी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन ट्रंप इससे पहले उन्हें और उनके दावोस के प्रति दृष्टिकोण को न समझने के लिए कई बार मीडिया की आलोचना कर चुके हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website