Thursday , August 6 2026 12:10 PM
Home / News / नेपाल: लैंडिंग के वक्त काठमांडू एयरपोर्ट पर विमान क्रैश, 50 यात्रियों की मौत

नेपाल: लैंडिंग के वक्त काठमांडू एयरपोर्ट पर विमान क्रैश, 50 यात्रियों की मौत


काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (टीआईए) पर सोमवार को यूएस-बांग्ला एयरलाइंस का एक विमान लैंडिंग के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे इसमें सवार 50 लोगों की मौत हो गई। विमान में 71 लोग सवार थे। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता मनोज नियुपेन ने बताया कि घटनास्थल से 41 यात्रियों के शवों को बरामद कर लिया गया है और नौ अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह विमान ढाका से काठमांडू आ रहा था।

टीआईए के प्रवक्ता प्रेमनाथ ठाकुर ने कहा, 78 सीटों वाले बम्बार्डियर डैश 8 विमान अपराह्न् 2: 20 मिनट पर लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगडऩे से दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके बाद इसमें आग लग गई। दुर्घटनास्थल पर विमान से निकलने वाला काला धुआं छा गया। प्रशासन ने हवाईअड्डे को तुरंत बंद करने का आदेश दिया। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक संजीव गौतम ने कहा कि रनवे पर उतरने के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया। गौतम के अनुसार, विमान को हवाईअड्डे के दक्षिणी हिस्से में उतरने की इजाजत दी गई थी लेकिन यह उत्तर की ओर से उतरा। विमान में तकनीकी खराबी हो सकती है।

उन्होंने कहा, हमें अभी इस असामान्य लैंडिंग के कारणों की जानकारी नहीं है। माई रिपब्लिका की रिपोर्ट के अनुसार, घटना की तस्वीरों व वीडियो में हवाईअड्डे के रनवे पर अत्यधिक धुआं उठता नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान रनवे पर मुडऩे के दौरान हादसे का शिकार हो गया। हादसे में बाल-बाल बचे एक नेपाली ट्रेवल एजेंट बसांता बोहोरा ने अस्पताल में काठमांडू पोस्ट को बताया, अचानक विमान तेज गति से हिलने लगा और चीख-पुकार मच गई। मैं खिडक़ी के नजदीक बैठा था और खिडक़ी तोडऩे में सफल रहा। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मैं बच गया।

नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी.ओली ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं पेश करते हुए कहा, मैं दुर्घटना की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। उन्होंने घटना की तत्काल सरकारी जांच करवाने के आदेश दिए। अधिकारियों के अनुसार, विमान पर 33 नेपाली यात्री सवार थे। यूएस-बांग्ला एयरलाइन बांग्लादेश की एक निजी एयरलाइन है जिसका मुख्यालय ढाका में है।