Friday , April 24 2026 12:09 AM
Home / Video / हवा में अचानक टूटकर गिरने लगा विमान का इंजन कवर, यात्रियों की अटकी सांसें, देखें

हवा में अचानक टूटकर गिरने लगा विमान का इंजन कवर, यात्रियों की अटकी सांसें, देखें


अमेरिका के डेनवर से ह्यूस्टन जा रही साउथवेस्ट एयरलाइंस के प्लेन का इंजन कवर बीच उड़ान में टूट गया। रविवार को ये हादसा हुआ, जब उड़ान के दौरान बोइंग 737-800 का इंजन कवर टूटकर हवा में गिर गया। इससे कुछ समय के लिए यात्रियों की जान गले में अटक गई। हादसे के बाद विमान को वापस डेनवर लौटना पड़ा। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने बोइंग 737-800 का इंजन कवर गिरने और विंग फ्लैप से टकराने के मामले की जांच शुरू कर दी है।
साउथवेस्ट फ्लाइट 3695 रविवार सुबह 8:15 बजे सुरक्षित रूप से डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लौट आई। इंजन काउलिंग टूटने के बाद उतरे विमान को गेट तक खींच लिया गया। 135 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को लेकर ये प्लेन डेनवर से ह्यूस्टन हॉबी हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था। बोइंग विमान उड़ान भरने के बाद 10,300 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया था लेकिन इंवर कवर के टूटने की वजह से इसे वापस लाया गया। करीब 25 मिनट बाद विमान वापस हवाई अड्डे पर उतरा।
दूसरे विमान से भेजे गए यात्री – विमान के सुरक्षित वापस लौटने के बाद एक दूसरे विमान से यात्रियों को ह्यूस्टन भेजा गया। इससे यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी हुई। साउथवेस्ट एयरलाइंस ने कहा है कि रखरखाव टीमें विमान की समीक्षा कर रही हैं। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि हम देरी से हुई असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगते हैं। अपने ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। एयरलाइन ने यह बताने से इनकार कर दिया कि विमान के इंजन का आखिरी बार मैंटिनेंस कब हुआ था। वहीं एफएए ने इस मामले में की जांच शुरू कर दी है। एफएए रिकॉर्ड के अनुसार विमान ने जून 2015 में सेवा में प्रवेश किया।