Tuesday , May 12 2026 11:49 PM
Home / Uncategorized / ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तानी वायुसेना के ‘पोस्टर बॉय’ ने बांग्‍लादेश में डाला डेरा, भारतीय सीमा के पास जाने का प्‍लान

ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तानी वायुसेना के ‘पोस्टर बॉय’ ने बांग्‍लादेश में डाला डेरा, भारतीय सीमा के पास जाने का प्‍लान


बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ दिन पहले देश की वायुसेना में तहरीक-ए-पाकिस्तान मॉडल का खुलासा किया था। इस दौरान बांग्लादेशी एयरफोर्स के कुछ अधिकारी गिरफ्तार किए गये थे। इस घटना के कुछ ही दिनों के बाद पाकिस्तान एयरफोर्स के एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद ढाका पहुंचे हैं। नॉर्थ ईस्ट न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक औरंगजेब अहमद ने 10 मई से बांग्लादेश में डेरा डाल रखा है। दिलचस्प बात ये है कि ना तो बांग्लादेश और ना ही पाकिस्तान की तरफ से इस दौरे के बारे में कुछ बताया गया है। रिपोर्ट में दस्तावेजों के हवाले से बताया गया है कि एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद के नेतृत्व में पाकिस्तान वायु सेना के अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम 10 मई को पांच दिवसीय दौरे पर बांग्लादेश की राजधानी पहुंची है।
रिपोर्ट के मुताबिक ढाका और इस्लामाबाद के बीच पहली बार ‘एयर स्टाफ टॉक’ 10 मई को ढाका में शुरू हुई है। औरंगजेब अहमद के साथ आए दूसरे PAF अधिकारियों में एयर कमोडोर शाह खालिद और अब्दुल गफूर बुजदार, ग्रुप कैप्टन मोहम्मद अली खान और विंग कमांडर हसन तारिक अजीज शामिल हैं। आपको बता दें कि पिछले साल मई महीने में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के समय औरंगजेब अहमद पाकिस्तान एयरफोर्स के पोस्टर बॉय थे। इस साल 7 मई को इस्लामाबाद स्थित एयर मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया है।
बांग्लादेश में पाकिस्तान के एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद – एयर वाइस मार्शल (AVM) अहमद पाकिस्तान वायु सेना के जनसंपर्क महानिदेशक, वायु सेना उप-प्रमुख (ऑपरेशंस) और वायु सेना रणनीतिक कमान के कमांडर हैं। PAF का प्रतिनिधिमंडल कतर एयरवेज की उड़ान QR-638 से दोहा होते हुए ढाका के हजरत शाह जलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। रिपोर्ट के मुताबिक माना जा रहा है कि बैठकें बांग्लादेश एयरफोर्स के मुख्यालय और अन्य संबंधित सैन्य ठिकानों पर होने की संभावना है। दो हफ्ते पहले पूरे बांग्लादेश में खासकर BAF के तीन एयरबेस और ठिकानों पर बड़े पैमाने पर की गई छापेमारी और जांच के बाद कम से कम दो स्क्वाड्रन लीडरों और कई नॉन-कमीशंड अधिकारियों को TTP के साथ कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। BAF के कई अन्य NCOs को भी हिरासत में लिया गया था।
हालांकि बांग्लादेशी एयरफोर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन यह पता चला है कि गिरफ्तार अधिकारियों और NCOs के खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्यवाही शुरू हो गई है। भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान पाकिस्तान वायुसेना की टीम के इस दौरे पर पैनी नजर रखेगा जो “फर्स्ट एयर स्टाफ टॉक (AST)” नामक पहली द्विपक्षीय स्टाफ-स्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए आई है। बांग्लादेश एयरफोर्स और पाकिस्तान एयरफोर्स के बीच होने वाली इन चर्चाओं का मकसद दोनों वायु सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना और द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूत करना है।
बांग्लादेशी पायलट्स को ट्रेनिंग देगा पाकिस्तान! – सुरक्षा से जुड़े एक शीर्ष सूत्र के हवाले से न्यूज 18 ने बताया है कि पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल बांग्लादेश वायु सेना के साथ अपनी पहली ‘एयर स्टाफ वार्ता’ करेगा। उन्होंने आगे कहा कि अधिकारी संभवतः कई MoU और समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे जिनके तहत बांग्लादेश वायु सेना के पायलटों और तकनीशियनों को पाकिस्तान में एडवांस प्रशिक्षण दिया जाएगा। सूत्रों ने यह भी बताया कि बांग्लादेश पाकिस्तान के JF-17 थंडर विमानों को खरीदने में भी रुचि रखता है। JF-17 थंडर एक सिंगल-इंजन वाला हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (CAC) और पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) ने मिलकर विकसित किया है।
बांग्लादेश-पाकिस्तान में बढ़ता सैन्य संपर्क – मोहम्मद यूनुस के प्रशासन के दौरान बांग्लादेश ने पाकिस्तान के साथ सैन्य संपर्क बढ़ाना शुरू किया था और दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने एक दूसरे के देशों में दौरा किया था।
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच तय किया गया है कि दोनों देश वायुसेना के स्तर पर भी औपचारिक सहयोग का विस्तार करेंगे और भविष्य में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और सक्रिय किया जाएगा।
पाकिस्तान और बांग्लादेश की सेनाओं और नौसेनाओं के बीच पहले भी स्टाफ-स्तरीय विचार-विमर्श हो चुके हैं।
पाकिस्तान वायुसेना के अधिकारी भारत की सीमा के नजदीक लालमोनिरहाट और बोगुरा हवाई अड्डों पर किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार को देखने जा सकते हैं। इन दोनों जगहों पर पिछले महीने से एयर डिफेंस रडार लगाने का काम चल रहे हैं।
भारत-बांग्लादेश सीमा से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित लालमोनिरहाट हवाई अड्डे पर एक नए हैंगर का निर्माण पिछले साल के अंत में पूरा हो गया था।
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बोगुरा एयरबेस पर रनवे को बढ़ाने का काम चल रहा है। पिछले हफ्ते बांग्लादेश वायुसेना के एयर मार्शल हसन महमूद खान ने सार्वजनिक रूप से बोगुरा एयरबेस के रणनीतिक महत्व का खुलासा किया था जहां रनवे को बढ़ाकर 3.2 किलोमीटर किया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश वायुसेना एक फ्लाइंग एकेडमी और एक ऐसी सुविधा स्थापित करने की भी योजना है, जहां लड़ाकू पायलटों को गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। नए फाइटर जेट्स को तैनात करने के लिए बुनियादी ढांचा बनाने और ड्रोन उत्पादन सुविधा के निर्माण की भी योजनाएं हैं। इस साल जनवरी में रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने को लेकर बात चल रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अभी जो पाकिस्तानी अधिकारी ढाका पहुंचे हैं क्या उनके साथ भी JF-17 को लेकर कोई बात होने वाली है?