Saturday , June 6 2026 1:04 AM
Home / Uncategorized / बीजेपी ने 11 नामों का किया ऐलान, 2 मंत्री लिस्ट में नहीं; क्या बदलने जा रहा मोदी कैबिनेट का गणित

बीजेपी ने 11 नामों का किया ऐलान, 2 मंत्री लिस्ट में नहीं; क्या बदलने जा रहा मोदी कैबिनेट का गणित


भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए 11 नामों का ऐलान किया है। इनमें केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन का नाम शामिल नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में एकमात्र ईसाई मंत्री कुरियन और बिट्टू क्रमशः मध्य प्रदेश और राजस्थान से मौजूदा सांसद हैं, लेकिन उन्हें अपने-अपने राज्यों की सूची में जगह नहीं मिली। मगर इस बात से मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा और तेज हो गई है।
बीजेपी में फेरबदल की चर्चा क्यों तेज हुई? – बहरहाल, फेरबदल की चर्चा इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि दो अन्य जूनियर मंत्रियों पंकज चौधरी और हर्ष मल्होत्रा को पहले ही संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के अध्यक्ष हैं, जबकि हर्ष मल्होत्रा को हाल ही में दिल्ली बीजेपी का प्रमुख बनाया गया है। राज्यसभा के किसी भी मौजूदा सांसद को दोबारा नामांकित नहीं किया गया है। बीजेडी छोड़कर भगवा पार्टी में शामिल हुए देबाशीष सामंतराय को ओडिशा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
असल में, सत्ताधारी पार्टी ने राज्यसभा से रिटायर हो रहे किसी भी सांसद को दोबारा मौका नहीं दिया। वहीं राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और बीजेपी के राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जैसे संगठन के कई पदाधिकारियों को सांसद के तौर पर पहली बार मौका देने के लिए चुना गया है।
झारखंड और कर्नाटक से उम्मीदवारों का ऐलान नहीं – बीजेपी ने अभी झारखंड और कर्नाटक से अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है, जहां उसे एक-एक सीट मिलना तय है। इससे यह संभावना बनी हुई है कि वह इन दोनों मंत्रियों में से किसी एक को दोबारा नामित कर सकती है। अगर 21 जून को कार्यकाल खत्म होने के बाद ये दोनों मंत्री सांसद नहीं रहते हैं, तब भी वे छह महीने तक अपने पद पर बने रह सकते हैं।
नितिन नवीन के कमान संभाला, बदलाव के कयास – जनवरी में नितिन नवीन के पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से बीजेपी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में भी बदलाव होने के कयास लगाए जा रहे हैं। तब से वे काफी एक्टिव रहे हैं, फीडबैक लेने और पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए राज्यों का दौरा कर रहे हैं।
गुजरात से चार नए चेहरों पर लगाया दाव – राज्यसभा उम्मीदवारों में, बीजेपी ने मणिपुर से अपनी प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी और अरुणाचल प्रदेश से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताई तागाक को चुना है। गुजरात से पार्टी ने चार नए चेहरों को चुना है, जिनमें तीन अपेक्षाकृत युवा पदाधिकारी राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र कंजारिया शामिल हैं। इन पर ओबीसी और आदिवासी समुदायों पर ध्यान केंद्रित करने की जिम्मेदारी होगी।
पंजाब पर फोकस, अगले साल विधानसभा चुनाव – पंजाब में पार्टी का वोटर माने जाने वाले जाट सिख समुदाय तक पहुंचने के लिए केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद, बीजेपी ने चुघ को राज्यसभा के लिए चुनकर राज्य में अपने पारंपरिक वोटरों को साधने की कोशिश की है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं।
जाट सिख और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते बिट्टू को दोबारा नॉमिनेट न करने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में हैरानी पैदा की है, लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें आगामी चुनावों पर फोकस करने के लिए कहा जा सकता है।
केरल के अनुभवी बीजेपी सदस्य कुरियन हाल ही में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में हार गए थे।
राजस्थान और ओडिशा में बीजेपी का फॉर्मूला – राजस्थान में, जहां कांग्रेस संगठनात्मक रूप से एक्टिव रही है, सत्ताधारी बीजेपी ने संख्या के लिहाज से मजबूत दो ओबीसी समुदायों को लुभाने की कोशिश की है।
ओडिशा उपचुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को मैदान में उतारा गया है, जिन्होंने बीजेपी में शामिल होने के लिए बीजेडी छोड़ दी थी। उनके सदन से इस्तीफा देने के कारण यह उपचुनाव हो रहा है।
इन सांसदों का कार्यकाल हो रहा खत्म – जिन बीजेपी सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें गुजरात से रामभाई मोकारिया, अमीन नरहरी और रमीला बारा; मणिपुर से लीशेम्बा सनाजाओबा; राजस्थान से राजेंद्र गहलोत; अरुणाचल से नबम रेबिया और मध्य प्रदेश से सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं।
जहां बीजेपी सरकार, वहां जीत पक्की – अपनी संख्या बल के कारण, बीजेपी का ओडिशा की एक उपचुनाव सीट के अलावा सभी 10 सीटों गुजरात से चार, राजस्थान और मध्य प्रदेश से दो-दो, और मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश से एक-एक पर जीत पक्की मानी जा रही है। इन सभी राज्यों में बीजेपी की सरकार है। 24 सीटों के लिए चुनाव और एक सीट के लिए उपचुनाव 8 जून को होने हैं।