Friday , June 19 2026 7:43 AM
Home / Uncategorized / मेलोनी ने छोड़ दी सिगरेट! PM मोदी संग करने लगीं मजाक, ट्रंप को गिफ्ट में मिली साइकिल, मैक्रो की घड़ी खोई, G-7 में हॉट माइक ने खोले नेताओं के सीक्रेट

मेलोनी ने छोड़ दी सिगरेट! PM मोदी संग करने लगीं मजाक, ट्रंप को गिफ्ट में मिली साइकिल, मैक्रो की घड़ी खोई, G-7 में हॉट माइक ने खोले नेताओं के सीक्रेट


फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान औपचारिक भाषणों, वैश्विक अर्थव्यवस्था और युद्ध जैसे गंभीर मुद्दों के बीच कुछ ऐसे पल भी सामने आए, जिन्हें हॉट माइक ने रिकॉर्ड कर लिया. इन बातचीतों में सिगरेट छोड़ने से लेकर फुटबॉल, जन्मदिन के तोहफों, ट्रंप के मजाक और मोदी-मेलोनी की वायरल केमिस्ट्री तक कई दिलचस्प बातें सुनाई दीं.
सिगरेट छोड़ने पर जियोर्जिया मेलोनी को मिली बधाई – बैठक शुरू होने से पहले जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी है. मेलोनी ने जवाब दिया कि उन्होंने 1 मई से सिगरेट नहीं पी है. यह सुनते ही कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने तालियां बजाकर उनकी सराहना की. मार्क कार्नी ने मजाक में पूछा, ‘क्या आपने निकोटिन पैच लगाया है?’ जिससे वहां मौजूद सभी नेता हंस पड़े.
G7 में फुटबॉल की भी हुई चर्चा – वैश्विक राजनीति के बीच फुटबॉल भी चर्चा का विषय बना. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में चल रहे फीफा वर्ल्ड कप को लेकर नेताओं ने अनौपचारिक बातचीत की. किसी नेता ने फ्रांस की टीम का समर्थन करते हुए कहा, ‘अले ले ब्लू.’ एक अन्य नेता ने पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की चैंपियंस लीग जीत की तारीफ की. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 ड्रॉ को बेहद शानदार बताया.
ट्रंप का रहस्यमयी ‘ग्रीनलैंड’ बयान – यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से बातचीत के दौरान ट्रंप का एक छोटा सा बयान चर्चा का विषय बन गया. ट्रंप ने कहा, ‘आप समझते हैं?’ इसके बाद उन्होंने कोस्टा की तरफ देखते हुए सिर्फ एक शब्द कहा-‘ग्रीनलैंड.’ इसके बाद की बातचीत सुनाई नहीं दी, लेकिन ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर पुरानी दिलचस्पी के कारण इस बयान ने खूब सुर्खियां बटोरीं.
मैक्रों की घड़ी भूलने पर ट्रंप का मजाक – वर्किंग लंच से पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने देखा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी भूल गए हैं. कार्नी ने मजाक में कहा, ‘मैक्रों अपनी घड़ी यहां छोड़ गए हैं.’ ट्रंप ने तुरंत जवाब दिया, ‘अगर छोड़ गए हैं तो मुझे दे दो.’ इस पर वहां मौजूद नेता हंस पड़े.
ट्रंप को मिला साइकिल और फुटबॉल जर्सी का तोहफा – मैक्रों ने अगले साल फ्रांस में होने वाली साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्रचार के लिए सभी G7 नेताओं को एक-एक निजी साइकिल भेंट की. ट्रंप को भी साइकिल मिली, जबकि वह अक्सर साइकिल चलाने और व्यायाम से दूरी बनाने की बात करते रहे हैं. वहीं जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रंप को जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर ट्रंप का नाम और नंबर 47 लिखा था, जो उनके 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यकाल का संकेत है. ट्रंप ने मुस्कुराते हुए जर्सी दिखाई और फोटो खिंचवाई. बाद में मर्ज ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘आखिरकार हम एक ही टीम में हैं.’
मोदी-मेलोनी की मुलाकात फिर बनी चर्चा का केंद्र – समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की मुलाकात ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरी. पारंपरिक फैमिली फोटो से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया. मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘आपसे फिर मिलकर अच्छा लगा.’ इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम का जिक्र किया. मेलोनी ने हंसते हुए कहा, ‘हां, हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं.’ यह सुनकर आसपास मौजूद नेता भी मुस्कुरा उठे.
जेलेंस्की और ट्रंप की मुलाकात कराने की बात करते दिखे मैक्रों – फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत भी रिकॉर्ड हुई. मैक्रों ने जेलेंस्की से कहा, ‘कल कैमरे के सामने हमारी मुश्किल बातचीत हुई थी.’ उन्होंने पूछा कि क्या उनकी ट्रंप से अलग बैठक तय है. जब जेलेंस्की ने बताया कि वह अगले दिन ब्रुसेल्स रवाना होंगे, तो मैक्रों ने जवाब दिया, ‘ठीक है, मैं इसकी व्यवस्था कर दूंगा.’
ट्रंप और कार्नी के बीच चीन की इलेक्ट्रिक कारों पर चर्चा – एक अन्य बातचीत में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ट्रंप को चीन से इलेक्ट्रिक वाहनों के आयात पर बनी नई व्यवस्था समझाते नजर आए. कार्नी ने कहा कि यह कनाडाई बाजार के तीन प्रतिशत से भी कम, लगभग 49 हजार कारों तक सीमित रहेगा. उन्होंने ट्रंप से कहा, ‘हमने सख्त सीमा तय की है, मुझे लगा आपको यह पसंद आएगा.’ ट्रंप ने जवाब दिया, ‘अच्छा है, मुझे पसंद है.’
G7 में भारत समेत कई साझेदार देशों की मौजूदगी – G7 समूह में फ्रांस, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान और ब्रिटेन शामिल हैं, जबकि यूरोपीय संघ भी इसमें भाग लेता है. इस बार भारत, ब्राजील, केन्या, दक्षिण कोरिया, यूक्रेन समेत कई साझेदार देशों को भी एवियन सम्मेलन में आमंत्रित किया गया, जहां वैश्विक चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई.