Saturday , August 1 2026 1:46 AM
Home / Uncategorized / सूडान हिंसा में जान गंवाने वाले भारतीय के परिवार की मदद करेगी सरकार, शव लाया जाएगा भारत

सूडान हिंसा में जान गंवाने वाले भारतीय के परिवार की मदद करेगी सरकार, शव लाया जाएगा भारत


केंद्र सरकार ने रविवार (16 मई) को कहा कि हिंसा प्रभावित सूडान की राजधानी खार्तूम में गोली लगने से जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी. विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा कि केरल के कन्नूर जिला निवासी अल्बर्ट ऑगस्टाइन के परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी और उनके शव को स्वदेश लाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि मंत्री ने मृतक के पिता से भी बात की. मंत्री ने कहा कि ऑगस्टाइन की पत्नी (साईबेला) और बेटी सुरक्षित हैं. वे सूडान में उनके साथ रह रही थीं. उन्होंने कहा कि सूडान में भारतीय दूतावास को आगे की प्रक्रिया में समन्वय करने का निर्देश दिया गया है.
सूडान के खार्तूम से टेलीफोन पर पत्रकारों से बात करते हुए साईबेला ने रविवार (16 मई) को कहा, ‘उनके पति अल्बर्ट ऑगस्टाइन का शव लेने के लिए आई एम्बुलेंस को उनके शव को निकालने की अनुमति नहीं दी गई, क्योंकि उस क्षेत्र में लड़ाई जारी थी.’
ऑगस्टाइन का शव भारत लाने की प्रक्रिया में… – केरल में ऑगस्टाइन के परिजनों ने टीवी चैनल को बताया कि वो कनाडा में अपने बेटे से बात करते समय गोली लगने से घायल हो गए. जिस समय यह दुखद घटना हुई वह अपने घर के अंदर थे. ऑगस्टाइन सूडान में ‘डल ग्रुप कंपनी’ में काम करते थे. इस बीच, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख के. सुधाकरन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर ऑगस्टाइन का शव भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए उनसे तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया. खबरों के अनुसार, सूडान में अर्धसैनिक बल और सेना के बीच बढ़ते तनाव के कारण खार्तूम के विभिन्न क्षेत्रों में झड़पें हुई हैं.